महज 500 के लिए हैवानियत: महिला को बालों से घसीटकर लाठियों से पीटा, दर्दनाक मौत; 6 आरोपी गिरफ्तार

महज 500 के लिए हैवानियत: महिला को बालों से घसीटकर लाठियों से पीटा, दर्दनाक मौत; 6 आरोपी गिरफ्तार

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां सोनुआ थाना क्षेत्र के हड़िमारा गांव में महज 500 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में 41 वर्षीय महिला जिंगी बांकीरा की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सैयद मुस्तफा हाशमी के अनुसार, यह रूह कंपा देने वाली वारदात 11 नवंबर की आधी रात के आसपास हुई। उस वक्त आरोपी गांव की ही एक महिला रीना गोप के घर के बाहर ठंड से बचने के लिए अलाव के पास बैठे हुए थे। रीना के पति पांडु गोप की हाल ही में मौत हुई थी और सभी लोग मृत्यु के बाद की पारंपरिक रस्म 'मरखी' पूरी कर वहां जमा थे।

इसी दौरान मृतका जिंगी बांकीरा वहां पहुंची और उसने अपने 500 रुपये के बकाए को लेकर तकादा शुरू कर दिया। रीना के पति की मौत बिना कर्ज चुकाए हो जाने से नाराज जिंगी ने कथित तौर पर वहां बैठे लोगों पर नाराजगी जाहिर की और अपशब्द कहे। विवाद बढ़ता देख जिंगी वहां से भागकर अपने घर के पीछे एक बागीचे में छिप गई, लेकिन अलाव के पास बैठे आरोपियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच चुका था। वे उसका पीछा करते हुए बागीचे में घुस गए और उसे ढूंढ निकाला। इसके बाद दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए आरोपी महिला को उसके बालों से पकड़कर घसीटते हुए सड़क पर ले आए और लाठी-डंडों से उसकी अंधाधुंध पिटाई शुरू कर दी।

हमले के दौरान जब बेबस महिला लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी, तब भी हमलावरों का दिल नहीं पसीजा। आरोपियों में शामिल कृष्णा गोप ने जमीन पर तड़प रही जिंगी के सिर पर लाठी से ताबड़तोड़ छह से सात बार जानलेवा वार किए। गंभीर रूप से सिर में आई गहरी चोटों और अत्यधिक खून बह जाने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। खौफनाक वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। अगली सुबह मृतका के बेटे प्रेम सिंह बांकीरा की लिखित शिकायत के आधार पर सोनुआ थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत और गंभीर धाराओं के तहत हत्या की प्राथमिकी दर्ज की।

एसडीपीओ हाशमी ने बताया कि जघन्य हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एक विशेष जांच टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने वैज्ञानिक और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए बृहस्पतिवार को मामले में शामिल सभी छह आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हड़िमारा गांव निवासी सूरज गोप (25), रघु गोप (19), गुकुल गोप उर्फ लंगरू (26), रीना गोप (32), मधु गोप उर्फ कोचे और मनोहरपुर थाना क्षेत्र के कृष्णा गोप के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल और आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल खून से सनी लाठियां, खून से सनी मिट्टी, टूटी हुई चूड़ी के टुकड़े और आरोपी रघु गोप की खून से सनी जींस जब्त कर ली है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।