रूह कंपा देने वाला हादसा: घायल स्कूटी सवार को बचाने जुटी थी भीड़, बेकाबू ट्रक ने 7 लोगों को रौंदा
झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। कर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर एक बेकाबू रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंद डाला, जिसमें 7 लोगों की असमय मौत हो गई जबकि एक महिला जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। दिल दहला देने वाली बात यह रही कि ये सभी लोग एक घायल स्कूटी सवार की जान बचाने के लिए मौके पर जमा हुए थे, लेकिन खुद काल के गाल में समा गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, यह खौफनाक मंजर गुरुवार रात करीब 9:30 बजे जोन-लुदरू मोड़ के पास पेश आया। एक स्कूटी चालक संतुलन खोने के कारण सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा था। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण इंसानियत के नाते उसकी मदद के लिए मौके पर दौड़े। लोग अभी घायल स्कूटी सवार को संभाल ही रहे थे कि तोरपा की दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक (नंबर प्लेट JH 02 AJ 1377) ने अंधाधुंध गति से भीड़ को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक दल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को फौरन खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 12 वर्षीय सौरभ नायक ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 7 हो गई। वहीं, घायल खुशबू कुमारी का अस्पताल में गहन उपचार जारी है।
खूंटी के पुलिस अधीक्षक (SP) ऋषभ गर्ग ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में तीन मासूम बच्चे, तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। जान गंवाने वालों की शिनाख्त पाको देवी, कसीला देवी, मंहू देवी, गोलू कुमार, अंजलि कुमारी, तुती कुमारी और 12 वर्षीय सौरभ नायक के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई और विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
इस वीभत्स हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पीएम ने दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं और घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वहीं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि इस दुखद घड़ी में वह पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने लिखा कि मारंग बुरु दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को यह असहनीय कष्ट सहन करने की शक्ति दें।