झारखंड में मानसून का तांडव: सोन नदी में 2 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से बाढ़ का खतरा, कई गांव कटे
झारखंड में मानसून के सक्रिय होते ही राजधानी रांची से लेकर पलामू प्रमंडल तक भारी बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। रांची में सोमवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों और घरों में पानी भर गया है, जबकि कई ग्रामीण इलाकों में पुल-पुलियों के ऊपर से पानी का तेज बहाव जारी है।
नदियों और जलाशयों का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने पर राज्य आपदा प्रबंधन और जिला प्रशासन ने नदी तटों व डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है।
सोन नदी में 2 लाख क्यूसेक पानी आने से हुसैनाबाद में अलर्ट
अपस्ट्रीम बराज और विभिन्न जलाशयों से करीब दो लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के कारण सोन नदी का जलस्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ गया है। हुसैनाबाद अनुमंडल प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सख्त हिदायत दी है। सोन नदी के दियारा और बालू के टीलों पर परवल, खीरा जैसी मौसमी सब्जियों की खेती करने वाले किसानों और मवेशी पालकों को भी नदी क्षेत्र से बाहर निकलने के निर्देश दिए गए हैं।
सोनपुरवा, दंगवार सहित आधा दर्जन गांवों में भूमि कटाव तेज
सोन नदी के विकराल रूप धारण करने से सोनपुरवा, देवरी खुर्द, देवरी कला, बुधुआ, बड़ेपुर और दंगवार जैसे तटवर्ती गांवों में बड़े पैमाने पर जमीन का कटाव शुरू हो गया है। कटाव के चलते ग्रामीणों की उपजाऊ जमीन और मकान खतरे की जद में आ गए हैं। लंबे समय से पक्के तटबंध निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासनिक उदासीनता पर गहरा आक्रोश जताया है और कटावरोधी कार्य तुरंत शुरू करने की मांग की है।
मलय डैम ओवरफ्लो के कगार पर, कोयल नदी में बाढ़ जैसे हालात
पलामू जिले के मेदिनीनगर सहित ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही रिमझिम और मूसलाधार बारिश से सड़कों पर भारी जलभराव हो गया है, जिससे ग्रामीण प्रखंडों का संपर्क जिला मुख्यालय से कटने की आशंका बन गई है। सतबरवा स्थित मलय डैम का स्पीलवे मंगलवार सुबह पूरी तरह भरने के बाद ओवरफ्लो होने की स्थिति में पहुंच गया है। वहीं दूसरी ओर कोयल नदी का जलस्तर भी तेजी से चढ़ने से आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जिसे देखते हुए प्रशासन ने लगातार निगरानी बढ़ा दी है।