हजारीबाग की 'मौत की घाटी' में भीषण हादसा! बेकाबू कंटेनर ने यात्रियों से भरी गाड़ी को रौंदा, 5 की मौके पर मौत

हजारीबाग की 'मौत की घाटी' में भीषण हादसा! बेकाबू कंटेनर ने यात्रियों से भरी गाड़ी को रौंदा, 5 की मौके पर मौत

झारखंड के हजारीबाग जिले में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां चौपारण थाना क्षेत्र की कुख्यात दनुआ घाटी में एक तेज रफ्तार कंटेनर ने यात्रियों से भरी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि सवारी गाड़ी सड़क पर ही अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है, जबकि तीन यात्रियों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। शुरुआती अफरा-तफरी के बीच सात मौतों की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर पांच मौतों की पुष्टि की गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त वाहन में कुल 19 लोग सवार थे, जो बगोदर-अटका इलाके से उत्तर प्रदेश के वाराणसी की ओर जा रहे थे। जैसे ही गाड़ी चौपारण की दनुआ घाटी स्थित प्रसिद्ध हथिया बाबा मोड़ के समीप पहुंची, सामने से आ रहे बेकाबू कंटेनर ने उसे सीधी टक्कर मार दी।

भीषण टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।