दिवाली की रात सरकारी अफसर पर जानलेवा हमला! कार के शीशे तोड़े, सोने की चेन-नकदी लूटकर फरार हुए बदमाश

दिवाली की रात सरकारी अफसर पर जानलेवा हमला! कार के शीशे तोड़े, सोने की चेन-नकदी लूटकर फरार हुए बदमाश

झारखंड के पलामू जिले से दीपावली के त्योहार के बीच एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां हैदरनगर थाना क्षेत्र के निचला मोड़ के पास रविवार देर रात पतरिया उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO) आशीष रंजन पर बाइक सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला बोल दिया। इस हिंसक वारदात में सीएचओ और उनके मामा बलवंत सिंह चोटिल हो गए। हमलावरों ने न केवल ईंट-पत्थर और फाइटर पंच से ताबड़तोड़ हमला कर कार के शीशे तोड़ दिए, बल्कि सोने की चेन, चांदी का ब्रेसलेट और पांच हजार रुपये नकद भी लूट लिए। पीड़ित अधिकारी ने मामले की लिखित शिकायत हैदरनगर थाने में दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की छानबीन में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रविवार रात सीएचओ आशीष रंजन अपने मामा बलवंत सिंह के साथ वैगनआर कार से दीपावली की पूजा का सामान खरीदने हैदरनगर बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी निचला मोड़ के समीप पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार में बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने अचानक कार को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद बिना किसी बातचीत के युवकों ने कार पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए और फाइटर पंच से प्रहार कर वाहन के दाहिनी ओर के दोनों शीशे चकनाचूर कर दिए। गाड़ी रोकते ही बदमाशों ने दोनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा कीमती सामान छीनकर मौके से फरार हो गए।

घटना के तत्काल बाद आशीष रंजन ने सूझबूझ दिखाते हुए हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मनन्ना को फोन पर पूरी आपबीती बताई। सूचना मिलते ही पीसीआर वैन के साथ सब-इंस्पेक्टर भोला राम भारी पुलिस बल लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित समेत क्षतिग्रस्त कार को सुरक्षित थाना परिसर लाया गया। थाने में दिए गए लिखित आवेदन में पीड़ित अधिकारी ने बहेरा निवासी मोनल सिंह उर्फ मोनू, लोहारपुर निवासी सचिन सिंह और बभंडी मठ निवासी इरशाद को नामजद आरोपी बनाया है।

पीड़ित स्वास्थ्य अधिकारी ने अपनी और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नामजद आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक को जब्त करने, सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने और लूटे गए जेवरात व नकदी को बरामद करने की गुहार लगाई है। वहीं, हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मनन्ना ने पुष्टि की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।