मंत्री जी के भाषण के बीच अचानक भड़क उठे आंदोलनकारी, हल्द्वानी में मंच पर ही भिड़ गए नेता और प्रदर्शनकारी
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में हल्द्वानी के मोतीराम बाबूराम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (MBPG College) में स्थानीय प्रशासन द्वारा आयोजित राज्य आंदोलनकारी सम्मान समारोह अचानक विवादों में घिर गया। जिस मंच से राज्य निर्माण में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले आंदोलनकारियों का सम्मान होना था, वहीं से प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। दर्जा मंत्री हुकुम सिंह कुंवर के संबोधन के दौरान ही आंदोलनकारियों के आक्रोश ने पूरे कार्यक्रम में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।
समारोह के दौरान जब दर्जा राज्य मंत्री हुकुम सिंह कुंवर मंच से सभा को संबोधित कर रहे थे, तभी वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी सुरेंद्र रौतेला और राजू बिष्ट ने खड़े होकर प्रशासन के प्रति अपनी तीव्र नाराजगी व्यक्त की। आंदोलनकारियों का सीधा आरोप था कि उनके सम्मान के नाम पर आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आमंत्रण और सूचना कई आंदोलनकारियों को ऐन वक्त पर या काफी देर से दी गई, जिससे कई साथी कार्यक्रम में शामिल तक नहीं हो सके। इस अव्यवस्था को लेकर मंच पर ही दर्जा मंत्री हुकुम सिंह कुंवर और आंदोलनकारियों सुरेंद्र रौतेला व राजू बिष्ट के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जिसके बाद सभागार का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मंच और सभागार में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, एसडीएम मोनिका आर्य और तहसीलदार कुलदीप पांडेय सहित प्रशासनिक अमला मौजूद था। वहीं राजनीतिक हस्तियों में उत्तराखंड मंडी परिषद के अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू, राज्य मंत्री मोहन पाठक और भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोज पाठक के साथ बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी उपस्थित थे। प्रशासन की ओर से आयोजित इस सम्मान समारोह में समय पर सूचना न मिलने के मुद्दे ने तूल पकड़ लिया और एक गरिमामय आयोजन अव्यवस्था व प्रशासनिक उपेक्षा के आरोपों की भेंट चढ़ गया।