रेलवे का सबसे बड़ा मेगा ब्लॉक! टाटानगर रूट की 19 जोड़ी समेत 180 ट्रेनें ठप, यात्रियों में भारी हाहाकार

रेलवे का सबसे बड़ा मेगा ब्लॉक! टाटानगर रूट की 19 जोड़ी समेत 180 ट्रेनें ठप, यात्रियों में भारी हाहाकार

झारसुगुड़ा रेलवे यार्ड के आधुनिकीकरण और विस्तार कार्य के चलते दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने बड़ा फैसला लिया है। चक्रधरपुर मंडल से गुजरने वाली 90 जोड़ी ट्रेनों का परिचालन अलग-अलग तारीखों में अप-डाउन दोनों दिशाओं में रद्द कर दिया गया है। इस मेगा ब्लॉक का सीधा असर टाटानगर से चलने और गुजरने वाली 19 जोड़ी प्रमुख ट्रेनों पर भी पड़ा है। नियमित सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, क्योंकि दुरंतो, इस्पात, आजाद हिंद और कर्मभूमि जैसी महत्वपूर्ण लंबी दूरी की गाड़ियां भी इस ब्लॉक की चपेट में आ गई हैं। इतवारी एक्सप्रेस 29 नवंबर के साथ ही 1 से 16 दिसंबर तक पटरी से गायब रहेगी, जबकि हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस 26 और 28 नवंबर समेत 3, 5, 12 व 14 दिसंबर को नहीं चलेगी। इसके अलावा हावड़ा-कांटाबाजी इस्पात एक्सप्रेस 11 से 18 दिसंबर तक पूरी तरह निरस्त रहेगी।

रेलवे द्वारा जारी संशोधित शेड्यूल के अनुसार लंबी दूरी की कई अन्य महत्वपूर्ण रेलगाड़ियां भी प्रभावित रहेंगी। हावड़ा-जूनागढ़ इस्पात एक्सप्रेस 12 से 17 दिसंबर, टाटानगर-बेंगलुरु साप्ताहिक एक्सप्रेस 11 और 14 दिसंबर तथा टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस 4 से 8 दिसंबर और 15-16 दिसंबर को रद्द रहेगी। वहीं संतरागाछी-पुणे साप्ताहिक एक्सप्रेस 5 से 14 दिसंबर, हावड़ा-जगदलपुर कोरापुट एक्सप्रेस 12 से 16 दिसंबर, कामाख्या-मुंबई कर्मभूमि साप्ताहिक एक्सप्रेस 8, 12 व 15 दिसंबर और रानी कमलापति-संतरागाछी एक्सप्रेस 9 व 10 दिसंबर को रद्द रहेगी। इनके साथ शालीमार-भुज एक्सप्रेस 5, 8, 12, 13 और 15 दिसंबर, बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस 11 व 12 दिसंबर, शालीमार-मुंबई ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस 14 व 16 दिसंबर, पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस 14 व 16 दिसंबर, उदयपुर-शालीमार एक्सप्रेस 12 व 13 दिसंबर, हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस 7, 8, 14, 15, 16 व 17 दिसंबर, हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस 14 व 17 दिसंबर और संतरागाछी-हुजूर साहिब नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस 14 व 16 दिसंबर को नहीं चलेगी।

ट्रेनों के पूरी तरह रद्द होने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण गाड़ियों के रूट में भी भारी फेरबदल किया गया है। प्रसिद्ध उत्कल एक्सप्रेस 28 नवंबर, 5 से 7 दिसंबर और 14 दिसंबर को टाटानगर स्टेशन नहीं आएगी, बल्कि झारसुगुड़ा से कटक और संबलपुर होकर गुजरेगी, वहीं 6 से 15 दिसंबर के बीच भी यह ट्रेन टाटानगर नहीं पहुंचेगी। टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मार्ग 11 से 15 दिसंबर तक और यशवंतपुर-टाटानगर एक्सप्रेस का मार्ग 13 दिसंबर को बदला गया है; ये दोनों ट्रेनें चाईबासा के रास्ते संचालित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस ब्लॉक के दौरान दुर्ग नहीं जाएगी, बल्कि 28-29 नवंबर और 4 से 16 दिसंबर तक केवल राउरकेला से ही इसका परिचालन किया जाएगा।

लोकल कनेक्टिविटी की बात करें तो चक्रधरपुर मंडल में मशीन ब्लॉक और मेंटेनेंस कार्यों के चलते बुधवार को कोल्हान क्षेत्र की पांच जोड़ी प्रमुख मेमू ट्रेनों का पहिया थमा रहेगा। इनमें टाटानगर-आदित्यपुर गुवा मेमू, टाटानगर-चक्रधरपुर मेमू, टाटानगर-गुवा-टाटा मेमू, टाटानगर-राउरकेला मेमू और झारग्राम-धनबाद मेमू शामिल हैं। इन लोकल पैसेंजर ट्रेनों के निरस्त होने से झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के सीमावर्ती इलाकों में रोजाना सफर करने वाले दैनिक यात्रियों और नौकरीपेशा लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन निकलने से पहले 139 या रेलवे पूछताछ पोर्टल पर अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें।