धरती फटी और देखते ही देखते जमींदोज़ हो गए घर, धनबाद के कतरास में खौफनाक मंजर

धरती फटी और देखते ही देखते जमींदोज़ हो गए घर, धनबाद के कतरास में खौफनाक मंजर

धनबाद के कतरास इलाके में शाम अचानक जमीन धंसने से छाताबाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। करीब चार बजे हुए इस हादसे में लगभग 10 मकान बुरी तरह प्रभावित हुए। इनमें चार दोमंजिला घर भी जमीन के अंदर समा गए। घटना के समय मोहल्ले में कई लोग अपने घरों में मौजूद थे।

घर में फंसे आठ लोगों को सीढ़ी के सहारे निकाला गया

भू-धंसान की चपेट में मोहम्मद सज्जाद का मकान भी आ गया। उनके परिवार के आठ सदस्य घर के भीतर फंस गए थे। राहत दल और स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद सीढ़ी की मदद से सभी को बाहर निकाला।

बताया जा रहा है कि प्रभावित हिस्से में करीब 20 फीट तक जमीन नीचे चली गई है। अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद जमीन में कंपन महसूस हुआ और लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकलने लगे।

सज्जाद के घर में मौजूद हुसैना बानो हादसे के दौरान सो रही थीं। इसी बीच मकान की दीवार उनके ऊपर गिर गई। उनके सिर में गंभीर चोट आई है।

अवैध खनन को माना जा रहा है बड़ा कारण

गोविंदपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक सत्काम आनंद के अनुसार शुरुआती जांच में अवैध खनन को भू-धंसान की प्रमुख वजह माना जा रहा है। आशंका है कि अवैध खनन के दौरान बीसीसीएल की ओर से छोड़े गए सुरक्षा पिलरों को काट दिया गया। इससे जमीन का सहारा कमजोर हुआ और बाद में बड़ा भू-धंसान हो गया।

हालांकि स्थानीय लोगों ने पास की न्यू आकाशकिनारी कोलियरी परियोजना में हुई हेवी ब्लास्टिंग को भी हादसे की वजह बताया है। घटना के वास्तविक कारणों को लेकर जांच जारी है।

कई परिवारों को भारी नुकसान

हादसे से मोहम्मद सज्जाद के साथ मोहम्मद नईम, मोहम्मद रियाज, मोहम्मद मुर्तजा, मोहम्मद कलाम, मोहम्मद इमामुल, सगीर खान, सबुल खान और मोहम्मद हसनैन खान समेत कई परिवार प्रभावित हुए हैं। कई मकानों को नुकसान पहुंचा है और घरों में रखा सामान भी बर्बाद हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले तेज आवाज आई। इसके बाद जमीन हिली और देखते ही देखते मकान धंसने लगे। इससे इलाके में दहशत फैल गई।

Latest Posts