रांची समेत इन जिलों में बदला मौसम, बूंदाबांदी से मिली राहत; 6 से 9 अक्टूबर तक आंधी-वज्रपात का अलर्ट

रांची समेत इन जिलों में बदला मौसम, बूंदाबांदी से मिली राहत; 6 से 9 अक्टूबर तक आंधी-वज्रपात का अलर्ट

झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के उत्तर-पूर्वी, मध्यवर्ती और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में सोमवार दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में घने बादलों की आवाजाही के बीच राजधानी रांची के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे तपिश से राहत मिली और तापमान में हल्की गिरावट आई। हालांकि, कुछ देर बाद बादल छंटने के साथ मौसम फिर साफ हो गया और धूप निकल आई।

मौसम केंद्र रांची के अनुसार, राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहेगा। विभाग ने 6 से 8 अक्टूबर तक राज्य के विभिन्न जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात (आकाशीय बिजली) होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं 9 अक्टूबर को गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा को छोड़कर बाकी सभी जिलों में तेज झोंके वाली हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। संभावित खतरों को देखते हुए मौसम विभाग ने आमजन और किसानों के लिए येलो अलर्ट जारी कर सतर्क रहने की सलाह दी है।

तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते 24 घंटों में पश्चिमी सिंहभूम का जगन्नाथपुर राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां सर्वाधिक तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके उलट लातेहार में रात का पारा गिरकर 18.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। सोमवार को प्रमुख शहरों में रांची का अधिकतम तापमान 30.6 और न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 35.2 और न्यूनतम 23 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 35.4 और न्यूनतम 22.9 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 33.1 और न्यूनतम 22.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम पारा 35.4 डिग्री और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।