
हरियाणा के पलवल में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है। कानून के रखवालों ने एक महिला की इज्जत लूट ली। वे यहीं नहीं रुके बल्कि विवाहिता को किसी और को बेच दिया। महिला अपने पति के विरूद्ध शिकायत दर्ज कराने थाने आई थी। उसके साथ एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर और उसके दोस्तों ने रेप किया है।
आरोपियों ने उसे तीन दिन तक एक घर में बंद रखा। वहां उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपी ने उसे दूसरे व्यक्ति को बेच दिया। उसने उसके साथ दुष्कर्म भी किया। रविवार को मामले का खुलासा हुआ तो बवाल मच गया। पीएसआई और सात अन्य लोगों के विरूद्ध हसनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
महिला को एक आरोपी का फोन मिल गया तो उसने फोन पर इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। इसके चलते उसे रिहा कर दिया गया। पुलिस ने महिला को उसके परिवार को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।
महिला 23 जुलाई को हसनपुर थाने आई जहां उसकी मुलाकात आरोपी सब-इंस्पेक्टर शिवचरण से हुई। उन्होंने शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। शिवचरण ने उसे पास के एक खेत में जाने के लिए मजबूर किया, जहां उसके तीन दोस्त थे। तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। उस वीडियो के दम पर उसे एक घर में ले जाया गया और वहां बारी-बारी से रेप किया गया।