Up kiran,Digital Desk : मणिपुर के उखरुल जिले में फिर हिंसा भड़क गई है। लिटन सरेखोंग गांव में तंगखुल नगा और कुकी समुदायों के बीच झड़पों के दौरान लगभग 30 खाली घरों को आग लगा दी गई और गोलियां चलीं। घटना के बाद कई ग्रामीण अपने घर छोड़कर पड़ोसी जिले कांगपोकपी में सुरक्षित ठिकानों पर चले गए।
हिंसा की शुरुआत शनिवार रात तंगखुल नगा समुदाय के एक व्यक्ति पर कथित हमले से हुई थी। रविवार को आपसी समाधान के लिए बैठक होनी थी, लेकिन वह नहीं हो पाई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी और हवाई फायरिंग हुई। सुरक्षा बलों की ओर से स्थिति नियंत्रण में लाने के प्रयास के बावजूद सोमवार आधी रात को तंगखुल नगा समुदाय के घरों में आग लग गई, और उसके बाद कुकी समुदाय के कुछ घर भी जलाए गए।
सरकार ने तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए उखरुल में पांच दिनों के लिए इंटरनेट बंद कर दिया है और पैरामिलिट्री फोर्स को इलाके में तैनात किया गया है।




