39 नवजात भर्ती थे, तभी NICU में लगी आग; 3 मासूमों की मौत से मचा हड़कंप

39 नवजात भर्ती थे, तभी NICU में लगी आग; 3 मासूमों की मौत से मचा हड़कंप

महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल के नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में तड़के एक हृदयविदारक घटना घटी। अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित वार्ड में सुबह करीब 3:15 से 3:30 बजे के बीच एक वेंटिलेटर में अचानक विस्फोट हो गया। देखते ही देखते आग वार्ड में फैल गई। हादसे के वक्त अस्पताल के तीन एनआईसीयू कक्षों में कुल 39 नवजात शिशु उपचाराधीन थे, जिनमें से प्रत्येक वार्ड की क्षमता 13 बच्चों की थी।

स्टाफ की तत्परता से टला बड़ा नुकसान, 6 बच्चे सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर

धुआं और लपटें उठते ही ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, इस दर्दनाक हादसे में 3 नवजात शिशुओं की मौत हो गई। गंभीर रूप से प्रभावित 6 बच्चों को तुरंत सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मामले की तकनीकी और फोरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है।

नेताओं ने उठाई सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गहरा दुख जताया। उन्होंने इसे व्यवस्था की गंभीर लापरवाही करार देते हुए मामले की उच्च स्तरीय और गहन जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

वहीं, भाजपा नेता नवनीत राणा ने कहा कि अस्पताल में स्प्रिंकलर और अन्य अग्निरोधक प्रणालियों के काम न करने जैसे तकनीकी पहलुओं की पूरी जांच होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही, उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए सरकार से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग करने की बात कही।

Latest Posts