फिल्मी स्टाइल में पुलिस की रेड: सूटकेस में ठूंसकर ले जा रहे थे 9 करोड़, एक झटके में पकड़ी गई बड़ी साजिश
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद जांच एजेंसियों की सक्रियता बढ़ गई है। इलेक्ट्रॉनिक सिटी इलाके में पुलिस ने एक क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें करीब 9 करोड़ रुपये नकद मिले। इसके बाद इनकम टैक्स विभाग ने मामले की जांच अपने हाथ में लेते हुए कार से जुड़े लोगों के ठिकानों पर भी कार्रवाई की। तलाशी के दौरान करीब 1.3 करोड़ रुपये अतिरिक्त बरामद किए गए।
अधिकारियों की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे किस उद्देश्य से बेंगलुरु से होसुर ले जाया जा रहा था।
होसुर जाते समय रोकी गई कार
इलेक्ट्रॉनिक सिटी पुलिस के मुताबिक मंगलवार को KL 20 T 8629 नंबर की क्रेटा कार बेंगलुरु से तमिलनाडु के होसुर की तरफ जा रही थी। पुलिस को कार में अवैध तरीके से बड़ी रकम ले जाए जाने की सूचना मिली थी।
इनकम टैक्स विभाग की यूनिट-22 के डिप्टी डायरेक्टर जगदीश के अनुरोध पर नाइट पेट्रोलिंग टीम ने कार्रवाई की। होसुर रोड पर बैंगलोर एलिवेटेड टोलवे लिमिटेड का टोल पार करने के बाद सिग्नल पर कार को रोका गया। इसके बाद वाहन और उसमें मौजूद दोनों लोगों को इलेक्ट्रॉनिक सिटी पुलिस स्टेशन ले जाया गया।
कार से बरामद हुए 9 करोड़ रुपये
पुलिस स्टेशन में इनकम टैक्स अधिकारियों की टीम ने कार की जांच की। तलाशी के दौरान करीब 9 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए। बताया गया कि नोट एक सूटकेस में रखे थे। इनमें बड़ी संख्या 500 रुपये के नोटों की थी।
कार में मौजूद दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। इनमें 42 वर्षीय सचिन भी शामिल हैं। उनका संबंध तमिलनाडु के तूतुकुडी स्थित सिंधु ज्वैलर्स से बताया गया है।
घरों की तलाशी में मिले 1.3 करोड़
कार से नकदी मिलने के बाद इनकम टैक्स अधिकारियों ने मामले से जुड़े लोगों के घरों की भी तलाशी ली। तमिलनाडु में की गई इस कार्रवाई के दौरान करीब 1.3 करोड़ रुपये और बरामद किए गए हैं।
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद रकम का स्रोत क्या है। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी नकदी को किसके निर्देश पर और किस काम के लिए ले जाया जा रहा था।
तिरुवनंतपुरम में रजिस्टर्ड है कार
नकदी से भरी जिस क्रेटा को पकड़ा गया है वह तिरुवनंतपुरम जिले के नेय्याट्टिनकारा क्षेत्र में रजिस्टर्ड है। वाहन बेंगलुरु से होसुर जा रहा था।
मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ कुछ और लोगों से पूछताछ हो सकती है। अधिकारियों को आशंका है कि नकदी के स्रोत और उसके इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद केस का दायरा बढ़ सकता है।
बेंगलुरु में पहले भी मिली थी बड़ी रकम
बेंगलुरु में बड़ी मात्रा में नकदी मिलने का यह हालिया मामला है। इससे दो दिन पहले भी एक सरकारी अधिकारी के घर पर हुई छापेमारी में करीब 2.5 करोड़ रुपये बरामद किए गए थे। अब 9 करोड़ रुपये की बरामदगी ने जांच एजेंसियों का ध्यान एक बार फिर शहर में नकदी के लेनदेन की ओर खींचा है।