कानपुर-दिल्ली के बीच 25 साल बाद दौड़ेगी नई डेली एक्सप्रेस, देखें आनंद विहार का पूरा टाइमटेबल और स्टॉपेज

कानपुर-दिल्ली के बीच 25 साल बाद दौड़ेगी नई डेली एक्सप्रेस, देखें आनंद विहार का पूरा टाइमटेबल और स्टॉपेज

उत्तर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी कानपुर से देश की राजधानी दिल्ली का सफर करने वाले दैनिक यात्रियों, व्यापारियों और छात्रों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी सौगात दी है। करीब 25 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद कानपुर को दिल्ली रूट पर एक और नई नियमित दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन मिलने जा रही है। साल 2001 में शुरू हुई श्रम शक्ति एक्सप्रेस के बाद यह पहला मौका है जब इस रूट पर शहर को कोई नई डेडिकेटेड दैनिक रेल सेवा मिली है। सांसद रमेश अवस्थी के अनुसार कानपुरवासियों की इस पुरानी मांग को पूरा करते हुए रेलवे बोर्ड ने ट्रेन का पूरा शेड्यूल, रूट और स्टॉपेज विवरण आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 16 नवंबर को कानपुर सेंट्रल के प्लेटफॉर्म नंबर 1 से इस नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

शेड्यूल के अनुसार, ट्रेन संख्या 14153 कानपुर सेंट्रल से हर रोज रात 8:40 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 4:50 बजे दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। यात्रा के दौरान यह गाड़ी फफूंद में रात 9:40 बजे, इटावा जंक्शन 10:38 बजे, टूंडला जंक्शन 12:15 बजे, हाथरस जंक्शन 12:45 बजे, अलीगढ़ जंक्शन 1:33 बजे, खुर्जा जंक्शन 2:05 बजे, दादरी 2:50 बजे और गाजियाबाद जंक्शन 3:56 बजे पहुंचेगी, जहां अधिकांश प्रमुख स्टेशनों पर दो मिनट का ठहराव तय किया गया है।

वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 14154 आनंद विहार टर्मिनल से रोजाना रात 11:25 बजे रवाना होगी। इसके बाद यह गाजियाबाद जंक्शन रात 11:50 बजे, दादरी 12:13 बजे, खुर्जा जंक्शन 12:53 बजे, अलीगढ़ जंक्शन 1:50 बजे, हाथरस जंक्शन 2:20 बजे, टूंडला जंक्शन 3:13 बजे, इटावा जंक्शन 4:20 बजे और फफूंद सुबह 4:58 बजे होते हुए सुबह 7:00 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। कानपुर राज्य का प्रमुख व्यापारिक, शैक्षणिक व टेक्सटाइल हब होने के कारण इस ट्रेन के संचालन से श्रम शक्ति व अन्य गाड़ियों पर यात्रियों का भारी दबाव कम होगा और कामकाजी वर्ग को सीधी व समयबद्ध कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।