बंगाल में कांस्टेबल पर गोली चलाने वाला हिस्ट्रीशीटर रतन एनकाउंटर में ढेर, नानूर में हुई मुठभेड़
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस कांस्टेबल पर जानलेवा हमला करने वाला कुख्यात अपराधी रतन शेख रविवार 15 नवंबर को नानूर इलाके में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नानूर में जब पुलिस टीम आरोपी को दबोचने पहुंची तो उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शेख गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत बोलपुर सब-डिवीजनल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. गौरव तरफदार ने आधिकारिक दस्तावेजों की पुष्टि करते हुए बताया कि क्रॉस-फायरिंग की घटना के बाद नानूर से लाए गए व्यक्ति को मृत लाया घोषित किया गया था।
मुठभेड़ की पृष्ठभूमि शुक्रवार रात की उस हिंसक वारदात से जुड़ी है, जब शांतिनिकेतन थाने की पुलिस टीम हिस्ट्रीशीटर रतन शेख को पकड़ने गई थी। गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान शेख ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी थी, जिसमें कांस्टेबल विश्वजीत दास गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गोली लगने के बाद घायल जवान को नाजुक हालत में बर्दवान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के अगले ही दिन शनिवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी घायल कांस्टेबल का हालचाल जानने बर्दवान मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। वहां मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने सख्त संदेश देते हुए कहा था कि आरोपी के खिलाफ 36 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उसे तृणमूल का संरक्षण प्राप्त था और सवाल उठाया कि दुर्गा पूजा के दौरान उसे जमानत कैसे मिली, जिसकी पूरी जांच होगी और सरकारी वकील की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी। मुख्यमंत्री के इस कड़े रुख के चंद घंटों के भीतर ही नानूर में यह एनकाउंटर सामने आ गया।
इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री शाश्वत मुखोपाध्याय ने पुलिस के कदम को पूरी तरह जायज ठहराया है। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास हथियार आत्मरक्षा और राज्य में कानून व्यवस्था व शांति बनाए रखने के लिए हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि प्रशासन पूरी तरह मजबूत है और बंगाल पुलिस के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।