साथी मारा गया तो मस्जिद में जा छिपा... जानिए कुलगाम में कैसे हुआ लश्कर कमांडर लतीफ का खात्मा

साथी मारा गया तो मस्जिद में जा छिपा... जानिए कुलगाम में कैसे हुआ लश्कर कमांडर लतीफ का खात्मा

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कुख्यात कमांडर लतीफ भट मारा गया। पिछले हफ्ते कुलगाम स्थित सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के कैंप पर हुए हमले का वह मुख्य साजिशकर्ता था, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। इस ऑपरेशन की सफलता पर CRPF के डायरेक्टर जनरल ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने जवानों की पीठ थपथपाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि कुछ हिसाब ठंड में ठंडे दिमाग से ही चुकता किए जाते हैं।

पिछले हफ्ते सीआरपीएफ पोस्ट पर हमले के दौरान लतीफ भट अपने साथी उमर निसार डार के साथ मौजूद था। सुरक्षाबलों ने सोमवार को ही एक मुठभेड़ में उमर निसार डार को मार गिराया था, लेकिन लतीफ वहां से बच निकला था। बुधवार तड़के सुरक्षाबलों ने कुलगाम के इलाके को पूरी तरह घेर लिया। खुद को घिरता देख लतीफ भट ने एक स्थानीय मस्जिद में पनाह ले ली। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने की कई बार चेतावनी दी, लेकिन उसने सरेंडर से इनकार करते हुए फायरिंग जारी रखी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने सटीक रणनीति अपनाते हुए धार्मिक स्थल की गरिमा का ख्याल रखा और आतंकी को ढेर कर दिया। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इस सफल कार्रवाई के बाद कड़ा संदेश देते हुए कहा कि आतंकी सुरक्षाबलों से बचकर कहीं छिप नहीं सकते।

घाटी में यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब सुरक्षा एजेंसियां आतंकियों के खिलाफ लगातार दबाव बनाए हुए हैं। हाल ही में जम्मू संभाग के किश्तवाड़ जिले के रहने वाले दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) बाबी चंद और रशपाल कुमार की आतंकियों ने कायराना तरीके से हत्या कर दी थी। दोनों के गोलियों से छलनी शव दच्छन के जंगलों से बरामद हुए थे। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और पीड़ित परिवार सुरक्षा चूक की सीबीआई जांच व इलाके में पुख्ता सुरक्षा इंतजामों की मांग कर रहे हैं। इस ताजा मुठभेड़ से सुरक्षाबलों ने साफ कर दिया है कि किसी भी आतंकी हमले का जवाब बेहद सख्त तरीके से दिया जाएगा।