गुजरात में दरिंदगी की हद पार! एक ही परिवार के 6 लोगों को जिंदा नहर में फेंका; 3 की मौत, 2 मासूम लापता

गुजरात में दरिंदगी की हद पार! एक ही परिवार के 6 लोगों को जिंदा नहर में फेंका; 3 की मौत, 2 मासूम लापता

गुजरात के सूरत जिले के बारडोली इलाके में एक मजदूर परिवार के साथ हुई खौफनाक वारदात ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। महाराष्ट्र के जलगांव जिले से सूरत की ओर आ रहे एक ही परिवार के छह सदस्यों को चार आरोपियों ने जबरन रोककर उकाई बायीं नहर के गहरे पानी में फेंक दिया। इस दिल दहला देने वाले अपराध में माता-पिता और एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि परिवार के दो मासूम बच्चे अभी भी नहर के तेज बहाव में लापता हैं। वहीं, परिवार का एक 13 वर्षीय किशोर नहर में लगे पाइप के सहारे पानी से बाहर निकलने में सफल रहा और उसी की हिम्मत से इस पूरी खौफनाक घटना का खुलासा हो सका।

जलगांव के पास रहने वाला यह परिवार एरंडोल क्षेत्र की एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था और काम के सिलसिले में सूरत आ रहा था। बारडोली के उवा गांव के पास कार सवार हमलावरों ने उनका रास्ता रोका और सभी को खींचकर उकाई नहर में धकेल दिया। बहाव के बीच 13 साल के किशोर ने सूझबूझ दिखाते हुए नहर के लोहे के पाइप को पकड़ लिया और पानी से बाहर निकलकर पास के एक होटल में पहुंचकर आपबीती सुनाई। सूचना मिलते ही बारडोली ग्रामीण पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया। महुवा तालुका के डुंगरी गांव के पास नहर से नितीन उर्फ भूरिया पाटील (45), कविता नितीन पाटील (38) और 9 वर्षीय स्वीटी संजय पाटील के शव बरामद कर लिए गए, जबकि 15 साल के हरीश संजय पाटील और 2 साल के मासूम प्रथमेश की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन जारी है।

बारडोली ग्रामीण पुलिस स्टेशन में खंडियो, आभा, बंटी और एक अन्य अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सूरत ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया की निगरानी में छह विशेष टीमें गठित की गई हैं, जिनमें एलसीबी, एसओजी, डी-स्टाफ, टेक्निकल सेल और डीवाईएसपी की टीम शामिल है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार आरोपियों की पहचान की जा चुकी है और उनकी धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल में जुटी हैं कि एक पूरे मजदूर परिवार को इस तरह नहर में फेंकने के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी, आपसी विवाद था या कोई सुनियोजित साजिश, जिसमें जान बचाकर निकले 13 वर्षीय प्रत्यक्षदर्शी किशोर के बयान को जांच का सबसे अहम आधार बनाया गया है।