ट्रेन में खाना मंगाते हैं तो सावधान! IRCTC ने 14 वेबसाइट्स पर लगाया बैन, खाली हो सकता है बैंक खाता

ट्रेन में खाना मंगाते हैं तो सावधान! IRCTC ने 14 वेबसाइट्स पर लगाया बैन, खाली हो सकता है बैंक खाता

भारतीय रेलवे में सफर के दौरान मनपसंद खाना सीधे बर्थ पर मंगाना अब बेहद आसान हो चुका है, लेकिन एक छोटी सी चूक आपकी सेहत बिगाड़ने के साथ-साथ बैंक खाता भी खाली कर सकती है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने रेल यात्रियों को बड़ा अलर्ट जारी करते हुए बाजार में सक्रिय दर्जनों अनऑथराइज्ड फूड डिलीवरी वेबसाइट्स और मोबाइल ऐप्स से दूरी बनाने की सख्त हिदायत दी है। रेलवे के मुताबिक, बिना अनुमति चल रहे ये प्लेटफॉर्म न केवल घटिया और असुरक्षित खाना परोस रहे हैं, बल्कि यात्रियों के ऑनलाइन पेमेंट डेटा और निजी जानकारी की चोरी का बड़ा जरिया भी बन रहे हैं।

इन साइट्स ना मंगवाए फूड

आईआरसीटीसी की आंतरिक जांच में पाया गया कि कई अनधिकृत ऑपरेटर यात्रियों से ऑनलाइन पैसे काट लेते हैं, लेकिन ट्रेन के स्टेशन छूटने तक खाना डिलीवर नहीं होता। ऐसे मामलों में यात्रियों के पैसे भी डूब जाते हैं और कोई रिफंड या कस्टमर सपोर्ट नहीं मिलता। रेलवे ने इस खतरे को देखते हुए 14 प्रमुख अनधिकृत वेबसाइट्स की सूची सार्वजनिक की है, जिनमें Railrestro.com, Railrestro.in, Railmitra.com, Travelkhana.com, Trainscafe.com, Dibrail.com, Railfood.net, Travelerfood.com, Foodontrack.in, Ecatering.app, Khanaonline.in, Trainway.in, Railmeal.com और Trainmenu.com शामिल हैं। रेलवे ने साफ किया है कि यह केवल एक प्रतिनिधि सूची है और यात्री किसी भी अनजान या गैर-सत्यापित लिंक पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग करने की गलती कतई न करें।

ट्रेन यात्रा के दौरान शुद्ध और सुरक्षित भोजन मंगाने के लिए IRCTC की आधिकारिक ई-कैटरिंग प्रणाली ही सबसे सुरक्षित जरिया है। यात्री अपनी 10 अंकों की PNR संख्या दर्ज करके आधिकारिक पोर्टल ecatering.irctc.co.in या आधिकारिक 'Food on Track' मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑर्डर दे सकते हैं। डिजिटल माध्यमों से असहज रहने वाले मुसाफिरों के लिए आईआरसीटीसी ने 1323 हेल्पलाइन नंबर भी सक्रिय किया है, जहां सीधे कॉल करके सीट पर खाना बुक कराया जा सकता है। इसके अलावा रेलवे के साथ वैध करार वाले प्रमुख एग्रीगेटर्स जैसे Zomato, Swiggy, Zoop, Rail Yatri, Rail Recipe, Yatribhojan, Yatrirestro, Garg Rajdhani, Homebytes, OLF, Relfood, Gofoodieonline, Rajbhog, BrotherByte, Happy Journey और Swad Express से भी डिलीवरी ली जा सकती है।

यदि किसी स्टेशन या बोगी में कोई अनधिकृत डिलीवरी एजेंट यात्रियों को खाना पहुंचाता या प्रचार करता दिखे, तो यात्री तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सूचना दे सकते हैं। इसके लिए रेलवे सुरक्षा हेल्पलाइन 182 या एकीकृत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर त्वरित शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।