सावधान! IMD ने बजाया खतरे का सायरन, इन 13 राज्यों में आसमान से बरसेगी आफत; घरों में रहने की सलाह

सावधान! IMD ने बजाया खतरे का सायरन, इन 13 राज्यों में आसमान से बरसेगी आफत; घरों में रहने की सलाह

देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदलने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 9 नवंबर से दक्षिण, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा चेंज देखने को मिलेगा। विभाग ने कल 13 प्रदेशों  में तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है, जबकि उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों जैसे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी के आसार बन रहे हैं।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 9 से 14 नवंबर के दौरान हल्की से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं केरल, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के इलाकों में भी इसी अवधि में बारिश की गतिविधियां सक्रिय रहेंगी। इसके अतिरिक्त 12 नवंबर को सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश के साथ सीजन की जोरदार बर्फबारी का अलर्ट घोषित किया गया है।

आईएमडी के मुताबिक जिन 13 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, उनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह शामिल हैं। इन तटीय और पर्वतीय इलाकों में करीब 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 9 नवंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। सुबह के समय ज्यादातर इलाकों में मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा। दिवाली के बाद पटाखों के प्रभाव से वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में तेजी से बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है, जिससे हवा दमघोंटू हो सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज होने की संभावना है, जबकि 10 नवंबर को भी हल्के बादल छाए रह सकते हैं।

उत्तर प्रदेश में 9 से 14 नवंबर के दौरान मौसम आमतौर पर शुष्क और सामान्य बना रहेगा। राज्य में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, हालांकि आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट के साथ गुलाबी ठंड का असर बढ़ सकता है। बिहार में पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है, जहां 11 नवंबर को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि 9 और 10 नवंबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है। झारखंड में 10 और 11 नवंबर को कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।

पर्वतीय जिलों में बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। राज्य में 9 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 8 से 10 नवंबर और फिर 13 से 14 नवंबर के बीच पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जैसे ऊंचाई वाले जनपदों में बारिश और ठंड में तेज बढ़ोतरी का पूर्वानुमान जताया गया है।