फ्लैट से आ रही थीं चीखें, पड़ोसियों ने दरवाजा खोला तो उड़ गए होश! इंजीनियर को प्रेमिका ने चाकू से चीर डाला
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के गारिया इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक 28 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड के आरोप में पुलिस ने मृतक की लिव-इन पार्टनर संचालिका बसु और उसकी मां मौमिता बसु को अरेस्ट कर लिया है।
मृतक की शिनाख्त सार्थक सरकार के रूप में हुई है, जो कोलकाता के प्रमुख आईटी हब साल्ट लेक सेक्टर-5 स्थित एक निजी सॉफ्टवेयर कंपनी में बतौर इंजीनियर कार्यरत था। शनिवार की देर रात गारिया स्थित किराए के एक फ्लैट से उसका खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जांच अफसरों के अनुसार, सार्थक सरकार मूल रूप से उत्तर 24 परगना जिले के बारासात का निवासी था और पिछले कुछ समय से गारिया में टेक्नो इंडिया इंस्टीट्यूट की छात्रा संचालिका बसु के साथ किराए के मकान में लिव-इन में रह रहा था। शनिवार रात दोनों के बीच किसी निजी बात को लेकर तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि संचालिका ने कथित तौर पर रसोई में रखे तेज धारदार हथियार से सार्थक के कंधे और गले के पास जोरदार वार कर दिया। फ्लैट से आ रही चीख-पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और खून से सने सार्थक को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पाकर पहुंची स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रेमिका संचालिका बसु को हिरासत में ले लिया। वहीं मामले की पड़ताल के दौरान घटना में साजिश और संलिप्तता का संदेह गहराने पर संचालिका की मां मौमिता बसु को भी अरेस्ट कर लिया गया है। पुलिस अफसरों का कहना है कि वे दोनों महिला आरोपियों को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करने की तैयारी कर रहे हैं ताकि कत्ल की असल वजह, इस्तेमाल किए गए हथियार और मां की वास्तविक भूमिका का पर्दाफाश हो सके। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि यह अचानक गुस्से में उठाया गया कदम था या फिर इसके पीछे कोई सोची-समझी पुरानी रंजिश थी।