एक तरफ जंगल में मिला खून से सना शव, दूसरी तरफ चलती ट्रेन से फेंका गया... महाराष्ट्र में आखिर महिलाओं का रक्षक कौन?

एक तरफ जंगल में मिला खून से सना शव, दूसरी तरफ चलती ट्रेन से फेंका गया... महाराष्ट्र में आखिर महिलाओं का रक्षक कौन?

महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित गोंदिया जिले के बोंद्रानी जंगल में पुणे एयरपोर्ट की टिकट काउंटर कर्मी 35 वर्षीय वर्षा तुरकर का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मूल रूप से मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के खैरी गांव की निवासी वर्षा दिवाली की छुट्टियों में अपनी ढाई साल की बच्ची के साथ मायके आई हुई थी। शनिवार 14 नवंबर को शाम करीब चार बजे वर्षा अपने परिचित नितेश अग्रवाल के साथ वैनगंगा नदी की तरफ निकली थी। कुछ ही घंटों बाद नितेश ने फोन कर परिजनों को किसी अनहोनी की सूचना दी। परिजन जब सागौन के जंगल में पहुंचे तो वर्षा गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी थी। आनन-फानन में उसे खैरलांजी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की जांच कर रही पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे संदिग्ध हत्या मानते हुए नितेश अग्रवाल को हिरासत में ले लिया है। नितेश का दावा है कि नकाबपोश बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से हमला किया था, लेकिन पुलिस को उसकी थ्योरी पर संदेह है क्योंकि कथित हमले के बावजूद नितेश के शरीर पर खरोंच तक नहीं आई है। बयानों में लगातार सामने आ रहे विरोधाभास के चलते पुलिस सभी संभावित पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही है। वर्षा का पति इंदौर में रहता है और उसकी शादी वर्ष 2024 में हुई थी।

उधर महाराष्ट्र में ही महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करने वाला एक अन्य मामला मुंबई लोकल ट्रेन से सामने आया था। 4 नवंबर को बोरीवली से नायगांव जा रही लोकल में छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक आरोपी ने महिला को चलती ट्रेन से रेलवे ट्रैक पर धक्का दे दिया था, जिसमें पीड़िता को अपना बायां हाथ गंवाना पड़ा था। पुलिस दोनों ही मामलों में कानून-व्यवस्था और साक्ष्यों को ध्यान में रखकर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।