बोस्टन यूनिवर्सिटी, स्कॉलरशिप और भारी-भरकम लोन; जानिए क्या है अभिजीत दीपके की विदेश में पढ़ाई का पूरा सच

बोस्टन यूनिवर्सिटी, स्कॉलरशिप और भारी-भरकम लोन; जानिए क्या है अभिजीत दीपके की विदेश में पढ़ाई का पूरा सच

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके इन दिनों अपनी पढ़ाई और पार्टी की फंडिंग को लेकर चर्चा में हैं। उनके विदेश में पढ़ने और पार्टी के लिए पैसे जुटाने के तरीके पर कई सवाल उठाए गए थे। अब दीपके ने एक इंटरव्यू में इन सभी मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी है और अपने दावों के समर्थन में स्कॉलरशिप लेटर दिखाने की भी बात कही है।

विदेश में पढ़ाई को लेकर क्या बोले अभिजीत दीपके

अभिजीत दीपके ने बताया कि उन्हें अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप मिली थी। इसके बाद बाकी खर्च पूरे करने के लिए उन्होंने एजुकेशन लोन लिया। उनके अनुसार पढ़ाई का पूरा खर्च परिवार ने नहीं उठाया था।

उन्होंने कहा कि उनके पास स्कॉलरशिप से जुड़े सभी दस्तावेज मौजूद हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें दिखाया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि उनका एजुकेशन लोन अभी पूरी तरह चुकाया नहीं गया है।

RTI कार्यकर्ता ने उठाए थे आर्थिक स्थिति पर सवाल

इससे पहले सूरत के RTI कार्यकर्ता अमित तिवारी ने चुनाव आयोग और केंद्रीय जीएसटी आयुक्त को पत्र भेजकर अभिजीत दीपके और CJP की फंडिंग की जांच की मांग की थी। उनका कहना था कि दीपके के पिता भगवानराव दीपके महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (MIDC) से जूनियर इंजीनियर पद से रिटायर हुए हैं। ऐसी स्थिति में परिवार अपने बच्चों को अमेरिका में उच्च शिक्षा के लिए कैसे भेज सका। उन्होंने पार्टी को मिलने वाले आर्थिक सहयोग की भी जांच कराने की मांग की थी।

CJP की फंडिंग का क्या होगा मॉडल

इंटरव्यू के दौरान जब पार्टी के भविष्य की फंडिंग पर सवाल पूछा गया तो अभिजीत दीपके ने कहा कि CJP लोगों के सहयोग से आगे बढ़ेगी। उनके अनुसार पार्टी क्राउडफंडिंग का रास्ता अपनाएगी और हर आर्थिक सहयोग की जानकारी सार्वजनिक रखी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी ताकि किसी तरह का संदेह न रहे।

Latest Posts