अरबपति हैं भारत में इन चार राज्यों के मुख्यमंत्री, जानें सबसे गरीब कौन

अरबपति हैं भारत में इन चार राज्यों के मुख्यमंत्री, जानें सबसे गरीब कौन

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने देश के 31 मौजूदा मुख्यमंत्रियों द्वारा चुनावी हलफनामे में घोषित संपत्ति और आपराधिक मामलों के आंकड़े जारी किए हैं। 

इस रिपोर्ट के अनुसार, देश के मुख्यमंत्रियों की कुल संपत्ति 3,660 करोड़ रुपये है, जिससे औसत संपत्ति प्रति सीएम 118.07 करोड़ रुपये बैठती है। सूची में कर्नाटक के चीफ मिनिस्टर डीके शिवकुमार 1,413 करोड़ रुपये की घोषित कुल संपत्ति के साथ सबसे अमीर मुख्यमंत्री के रूप में शीर्ष पर हैं।

ये हैं देश के 4 अरबपति मुख्यमंत्री

देश में कुल चार मुख्यमंत्री ऐसे हैं जिनकी संपत्ति अरबों में है। डीके शिवकुमार के बाद दूसरे स्थान पर आंध्र प्रदेश के सीएम और टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू हैं, जिनके पास 931 करोड़ रुपये की संपत्ति है। 

तीसरे नंबर पर तमिलनाडु के चीफ मिनिस्टर और टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय हैं, जिनकी कुल संपत्ति 648 करोड़ रुपये है। इसमें 404 करोड़ रुपये की चल और 220 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। चौथे स्थान पर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू हैं, जिनके पास 332 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है।

दिल्ली, पंजाब, यूपी और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड

अन्य प्रमुख राज्यों के मुख्यमंत्रियों की संपत्ति पर नजर डालें तो दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के पास 5.31 करोड़ रुपये की संपत्ति है। हरियाणा के चीफ मिनिस्टर नायब सिंह सैनी के पास 5.80 करोड़ रुपये और हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुखू के पास 7.81 करोड़ रुपये की संपत्ति है।

वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के पास 1.97 करोड़ रुपये (जिसमें 30.35 लाख की चल संपत्ति शामिल) है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास 1.54 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति घोषित है।

सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री: 1 करोड़ से कम की संपत्ति

31 में से केवल दो मुख्यमंत्रियों की संपत्ति 1 करोड़ रुपये से कम है। जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला 55 लाख रुपये की कुल संपत्ति के साथ सूची में सबसे नीचे हैं, जिन्होंने किसी भी अचल संपत्ति की घोषणा नहीं की है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पास 85 लाख रुपये की संपत्ति है। इसके अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के पास 1 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति है।

Latest Posts