'महिलाओं को भाभी न कहें, दोस्तों को घर न बुलाएं': BJP नेता की अजीबोगरीब सलाह पर सियासी बवाल
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में भारतीय जनता पार्टी के एक नेता की अजीबोगरीब नसीहत ने राज्य के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी बहस छेड़ दी है। जिले के हरिहरपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक ग्रामीण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय बीजेपी नेता विष्णुचरण सिकदार ने सार्वजनिक रूप से अपील की कि रिश्तेदारों को छोड़कर किसी भी अन्य महिला को 'भाभी' कहकर संबोधित करने की परंपरा पूरी तरह समाप्त होनी चाहिए। अपने इस रुख के पीछे अजीब तर्क देते हुए सिकदार ने दावा किया कि इस प्रकार के संबोधनों से समाज में गलत रिश्ते और मर्यादाहीन सोच पनपती है। उन्होंने महिलाओं से भी आग्रह किया कि वे खुद आगे आकर पुरुषों को टोकें और स्पष्ट कहें कि उन्हें भाभी के स्थान पर 'दीदी' या 'बहन' कहकर पुकारा जाए, या फिर सीधे उनके नाम से बुलाया जाए ताकि समाज में सकारात्मक संदेश स्थापित हो सके।
अपनी इस विवादास्पद सलाह को आगे बढ़ाते हुए भाजपा नेता ने युवाओं को अपने दोस्तों को घर पर बुलाने से भी परहेज करने का फरमान सुना दिया। सिकदार ने कहा कि युवाओं को अपने दोस्तों को घर में लाने की प्रथा बंद कर देनी चाहिए। यदि कोई मित्र मिलने की इच्छा जताता है, तो उससे घर के बजाय किसी चाय की दुकान, मंदिर या अन्य सार्वजनिक स्थल पर ही मुलाकात करनी चाहिए। उनके अनुसार दोस्तों का घर में आना-जाना सीमित करने से समाज में फैल रही कई बुराइयों पर अंकुश लगाया जा सकेगा।
नेता के इन बयानों के सार्वजनिक होते ही विपक्षी दलों ने कड़ा ऐतराज जताया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने सिकदार के बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे बेहद संकीर्ण मानसिकता का परिचायक बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे हिंदू समुदाय हो या मुस्लिम समाज, भाभी संबोधन का एक सम्मानित और पारिवारिक स्थान रहा है और इस तरह के थोपे गए विचारों से सामाजिक ताने-बाने को नहीं बदला जा सकता। उधर विवाद बढ़ता देख भाजपा संगठन ने तुरंत इससे पल्ला झाड़ लिया है। मुर्शिदाबाद सांगठनिक जिला अध्यक्ष सौमेन मंडल ने स्पष्ट किया कि सिकदार का यह बयान पूरी तरह उनका व्यक्तिगत विचार है और इससे पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने दोहराया कि भारतीय संस्कृति और सामाजिक परंपराओं में मां, दीदी और बहन के साथ-साथ भाभी के संबोधन की भी अपनी गहरी मर्यादा और आदरणीय स्थान है।