राजस्थान में मौसम विभाग की नई चेतावनी: दिन में खिलेगी धूप, लेकिन रात होते ही जमेगी कुल्फी! इन 5 जिलों में पारा धड़ाम

राजस्थान में मौसम विभाग की नई चेतावनी: दिन में खिलेगी धूप, लेकिन रात होते ही जमेगी कुल्फी! इन 5 जिलों में पारा धड़ाम

राजस्थान में दो दिनों की बारिश और बादलों की आवाजाही के बाद मौसम ने पूरी तरह करवट ले ली है। राज्य के अधिकांश शहरों में दिन के तापमान में आई गिरावट से गुलाबी सर्दी का असर तेज हो गया है। बीकानेर और जयपुर संभाग के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया, जिसके चलते अलवर, सीकर, श्रीगंगानगर, करौली और फतेहपुर में रविवार का दिन सामान्य से काफी ठंडा बीता। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर कमजोर पड़ने के बाद अब बारिश का दौर थम चुका है, लेकिन मौसम साफ होते ही रात के पारे में गिरावट शुरू होने जा रही है। दिन में तेज धूप खिलने के बावजूद देर शाम और सुबह के समय ठंड का प्रभाव तेजी से बढ़ेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आगामी तीन से चार दिनों के दौरान पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान आसमान पूरी तरह साफ रहेगा, जिससे दिन में तापमान स्थिर रहेगा लेकिन रात के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जाएगी। इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं और सीकर समेत उत्तरी राजस्थान के जिलों में दिखाई देगा, जहां सुबह और देर रात गर्म कपड़ों की दरकार बढ़ जाएगी।

बीते 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो रविवार को अजमेर और सीकर सहित कई इलाकों में बादलों का डेरा रहा। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पाली में 34.4, बाड़मेर में 34, भीलवाड़ा में 33, अजमेर में 33.1, जोधपुर व डूंगरपुर में 32.3 और टोंक में 31.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। दूसरी ओर, हिल स्टेशन माउंट आबू 12.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बना रहा। सिरोही में 13.9, टोंक में 14, उदयपुर व भीलवाड़ा में 14.2, करौली में 15.4, अजमेर में 16.2 तथा सीकर व अलवर में 16.4 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। बादलों के छंटते ही अब उत्तरी हवाओं के असर से रात के पारे में और गिरावट तय मानी जा रही है।