गोरखपुर से हैदराबाद जाने वालों के लिए बड़ी सौगात, इन 20 से ज्यादा स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
उत्तर प्रदेश से लेकर दक्षिण भारत तक सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत भरा फैसला लिया है। अब तक स्पेशल ट्रेन के तौर पर दौड़ रही चरलापल्ली (हैदराबाद) से गोरखपुर रूट की ट्रेन को अब पक्का यानी नियमित कर दिया गया है। रेलवे ने इसे अपनी लोकप्रिय अमृत भारत एक्सप्रेस श्रृंखला से जोड़ते हुए नया नंबर 22075/22076 आवंटित किया है। हर हफ्ते चलने वाली इस सेवा से यूपी के अलावा मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना के शहरों में आने-जाने वाले लोगों को सीधा और सस्ता विकल्प मिलेगा।
नोट करें पूरा टाइम टेबल
गाड़ी संख्या 22075 चरलापल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस की नियमित शुरुआत 2 अक्टूबर 2026 से हो रही है। यह ट्रेन हर शुक्रवार को रात 9 बजकर 45 मिनट पर चरलापल्ली से रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 6 बजकर 25 मिनट पर गोरखपुर जंक्शन पहुंचेगी।
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 22076 गोरखपुर-चरलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस 4 अक्टूबर 2026 से अपनी नियमित दौड़ शुरू करेगी। यह हर रविवार सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर गोरखपुर से चलेगी और अगले दिन शाम 5 बजे चरलापल्ली स्टेशन पहुंचेगी।
रास्ते में इन बड़े शहरों में रुकेगी ट्रेन
लंबी दूरी के इस सफर में यात्रियों की सुविधा के लिए कई अहम स्टेशनों पर ठहराव तय किए गए हैं। ट्रेन काजीपेट, पेड्डापल्ली, मंचिरयाल, बल्हारशाह, चंद्रपुर, नागपुर, बैतूल, इटारसी, भोपाल और बीना से होते हुए उत्तर प्रदेश में दाखिल होगी। इसके बाद वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, पुखरायां, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, लखनऊ सिटी, गोमती नगर, बाराबंकी और गोंडा होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी। इन ठहरावों की वजह से व्यापार, नौकरी और पढ़ाई के सिलसिले में दक्षिण भारत जाने वालों को सहूलियत होगी।
अमृत भारत एक्सप्रेस की खासियत इसका किफायती और आरामदायक होना है। इस ट्रेन में आम यात्रियों और मध्यम वर्ग को ध्यान में रखते हुए केवल स्लीपर और जनरल क्लास के डिब्बे लगाए गए हैं। यात्रा की योजना बना रहे लोग रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर जाकर सीट बुकिंग और समय की पुष्टि कर सकते हैं। सफर के दौरान किसी भी तरह की मदद या पूछताछ के लिए रेलवे का हेल्पलाइन नंबर 139 चौबीसों घंटे चालू रहेगा।