दुबई से कलाई पर बांधकर ला रहा था 94 लाख की स्विस घड़ी, दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम ने ऐसे दबोचा

दुबई से कलाई पर बांधकर ला रहा था 94 लाख की स्विस घड़ी, दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम ने ऐसे दबोचा

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 94 लाख रुपये की अल्ट्रा-लग्जरी विदेशी घड़ी जब्त की है। दुबई से स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या SG5106 से टर्मिनल-3 पहुंचे एक भारतीय यात्री को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर खुफिया इनपुट के तहत रोका गया। ग्रीन चैनल पार करते समय जब यात्री डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) से गुजरा, तो तेज बीप बजने से अधिकारियों का शक यकीन में बदल गया। गहन तलाशी लेने पर उसके पास से स्विट्जरलैंड की मशहूर कंपनी 'पाटेक फिलिप' (Patek Philippe Aquanaut) की बेहद कीमती घड़ी बरामद हुई, जिसे छिपाकर भारत लाया जा रहा था।

कस्टम विभाग ने जब चार्टर्ड इंजीनियर से इस स्विस घड़ी का परीक्षण कराया, तो इसके 100 प्रतिशत असली होने की पुष्टि हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 94 लाख रुपये आंकी गई है। उचित टैक्स और कस्टम ड्यूटी चुकाए बिना इतनी महंगी घड़ी लाने के आरोप में सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 104 के तहत यात्री को तुरंत गिरफ्तार कर घड़ी जब्त कर ली गई। जांच अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि क्या यात्री किसी बड़े लग्जरी वॉच स्मगलिंग सिंडिकेट का हिस्सा है या वह किसी स्थानीय खरीदार के लिए यह डिलीवरी लेकर दिल्ली पहुंचा था।

दिल्ली एयरपोर्ट पर विदेश से आने वाले तस्करों पर कस्टम विभाग की कड़ी नजर बनी हुई है। इससे पहले भी अधिकारियों ने दुबई से आए एक अन्य यात्री को पकड़कर 4.03 करोड़ रुपये मूल्य की 3.2 किलोग्राम सोने की छड़ें बरामद की थीं, जिन्हें बड़ी चालाकी से दरवाजों में लगने वाले फ्लोर स्प्रिंग के अंदर छिपाया गया था। एयरपोर्ट पर अत्याधुनिक स्कैनर, मेटल डिटेक्टर और खुफिया इनपुट के जरिए सोने और विदेशी लग्जरी सामानों की अवैध तस्करी रोकने के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।