बिसलेरी पर लटकी कानूनी तलवार! गोवा प्लांट के पानी में ऐसा क्या मिला कि मच गया हड़कंप?
बिसलेरी ने सोमवार को स्पष्ट किया कि उसके गोवा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से लिए गए पानी के नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं और उत्पाद पूरी तरह पीने योग्य हैं। कंपनी का यह बयान भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से मुकदमा चलाने की मंजूरी दिए जाने की खबरों के बाद आया है। बिसलेरी ने कहा कि उसे इस कार्रवाई से जुड़ी न तो कोई हार्ड कॉपी मिली है और न ही सॉफ्ट कॉपी, साथ ही नियामक की वेबसाइट पर भी इस संबंध में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। कंपनी के मुताबिक यह प्रकरण करीब 14 महीने पुराना है।
अपनी सफाई में बिसलेरी ने बताया कि सितंबर 2025 में FSSAI ने देशभर में कंपनी के 143 संयंत्रों में से एक गोवा प्लांट से 6 नमूने एकत्र किए थे। शुरुआती जांच में 5 नमूने तय मापदंडों के करीब रहे, जबकि छठे नमूने में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया, जो 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर की निर्धारित सीमा से अधिक था। इसके बाद कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को अपील की, जिस पर नमूने को रेफरल लैब भेजा गया।
वहां ब्रोमेट निर्धारित सीमा के भीतर मिला, मगर पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी के संकेत सामने आए। जांच रिपोर्टों के अंतर पर उठे सवालों के बीच एक मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में हुई जांच में ब्रोमेट तय मानक के अंदर पाया गया और कंपनी ने वह रिपोर्ट FSSAI के वेस्टर्न रीजनल ऑफिस में जमा कर दी। इसके बाद कोई नई सूचना न मिलने से कंपनी ने मान लिया कि मामला समाप्त हो चुका है। बिसलेरी ने दावा किया कि वह 10 चरणों की निर्माण प्रक्रिया में कुल 90 परीक्षण करती है और सुरक्षित पेयजल उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दूसरी ओर, FSSAI का कहना है कि नमूना ब्रोमेट की तय सीमा पर खरा नहीं उतरा और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित पाया गया। अपील के बाद दूसरी प्रयोगशाला में जांच के दौरान पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) मिलने के आधार पर इसे असुरक्षित करार दिया गया और कानून के प्रावधानों के उल्लंघन के चलते बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की स्वीकृति दी गई। वहीं रिपोर्टों के अनुसार, इस घटनाक्रम के बाद देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की जांच तेज की जा सकती है।