नगर पंचायत न्योतनी में बदहाल व्यवस्था: गड्ढों भरी सड़कें और चोक नालियों से लोग परेशान, जनप्रतिनिधि बेखबर
न्योतनी, उन्नाव : नगर पंचायत न्योतनी की बदहाल बुनियादी सुविधाएं इन दिनों स्थानीय निवासियों के लिए जी का जंजाल बनी हुई हैं। एक तरफ जगह-जगह आर सी सी बने गहरे गड्ढों और उखड़ी हुई इंटरलॉकिंग के कारण सड़कों पर चलना दूभर हो गया है, वहीं दूसरी तरफ रोज़ाना झाड़ू न लगने और नालियों की सफाई न होने से चारों ओर गंदगी व जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हैरानी की बात यह है कि आम जनता की इन गंभीर समस्याओं की ओर न तो नगर पंचायत चेयरमैन का ध्यान जा रहा है और न ही संबंधित वार्डों के सभासद सुध ले रहे हैं।
चोक नालियां और गंदगी से बढ़ रहा बीमारियों का खतरा
नगर पंचायत के मुख्य मार्गों और मोहल्लों की नालियां कचरे और सिल्ट से पूरी तरह अटी पड़ी हैं। नालियों का बुरा हाल होने के कारण गंदा पानी उफन कर सड़कों पर बह रहा है, जिससे राहगीरों का निकलना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा, सड़कों पर नियमित रूप से झाड़ू न लगने से धूल और कचरे का अंबार लगा रहता है। बजबजाती नालियों और गंदगी से उठती दुर्गंध व मच्छरों के प्रकोप के चलते क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
आवागमन में भारी परेशानी
सड़कों पर बिखरी गिट्टियां, बड़े-बड़े गड्ढे और नालियों के ओवरफ्लो पानी के कारण दोपहिया वाहन चालक और ई-रिक्शा अक्सर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है।
जनप्रतिनिधियों की चुप्पी से नाराजगी
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि चुनाव के समय चेयरमैन और सभासदों ने नगर के चहुंमुखी विकास, स्वच्छता और बेहतर जल निकासी के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन अब जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। मोहल्ले वासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधि केवल आश्वासन देकर पल्ला झाड़ लेते हैं।