कालकाजी मंदिर के पास पार्क में नाबालिग से दरिंदगी: पुलिसकर्मी बनकर 3 ने किया गैंगरेप

कालकाजी मंदिर के पास पार्क में नाबालिग से दरिंदगी: पुलिसकर्मी बनकर 3 ने किया गैंगरेप

दिल्ली के ऐतिहासिक कालकाजी मंदिर क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कालकाजी मंदिर और इस्कॉन मंदिर को जोड़ने वाले पार्क में तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक 17 वर्षीय किशोरी के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

शिकायत के मुताबिक, पीड़िता सोमवार शाम करीब 7 बजे अपने एक 17 वर्षीय दोस्त के साथ मंदिर में दर्शन करने पहुंची थी। पूजा-अर्चना के बाद दोनों शाम करीब 7:30 बजे समीपवर्ती पार्क में गए, जहां 25 से 30 वर्ष की उम्र के तीन आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को धमकाया, डराया और बंदूक व चाकू की नोक पर किशोरी से दरिंदगी की। वारदात के बाद रात करीब 8:45 बजे पीसीआर कॉल मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को तुरंत चिकित्सीय जांच के लिए भेजा।

अमर कॉलोनी में पुलिस मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में आरोपी आसिफ के पैर में लगी गोली

घटना की गंभीरता को देखते हुए दक्षिण-पूर्वी दिल्ली पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित कीं। तफ्तीश के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी आसिफ की आवाजाही को लेकर पुख्ता इनपुट मिले, जिसके आधार पर अमर कॉलोनी स्थित डीएम कार्यालय रोड के निकट घेराबंदी की गई।

पुलिस टीम ने जब उसे सरेंडर करने को कहा, तो उसने बच निकलने की कोशिश में तीन राउंड गोलियां चला दीं। इनमें से एक गोली हेड कांस्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिसकर्मी ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए दो राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली आसिफ के दाहिने पैर में लगी और उसे दबोच लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल जारी, दो फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी

वारदात स्थल और मुठभेड़ वाली जगह पर क्राइम और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीमों को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आसिफ के साथ मौजूद दो अन्य आरोपियों ने भी अपराध में सीधे तौर पर भागीदारी की थी और वारदात के बाद दोनों किशोरों को जान से मारने की धमकी दी थी।

फरार आरोपियों की पहचान और सटीक लोकेशन ट्रेस करने के लिए पुलिस कालकाजी, इस्कॉन मंदिर और पार्क के रास्तों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही घटना के समय इलाके में मौजूद मोबाइल नंबरों और संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता और पोक्सो (POCSO) अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

दिल्ली में 17 वर्षीय किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या का पुराना मामला भी चर्चा में

राजधानी में नाबालिगों के खिलाफ अपराधों के बीच पुलिस ने हाल ही में सामने आई एक अन्य खौफनाक वारदात का भी उल्लेख किया। 13 सितंबर को कुशक रोड स्थित जयपाल राणा के खेत के पास एक 17 वर्षीय लड़की का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। जांच में खुलासा हुआ कि तीन नाबालिगों समेत चार आरोपियों ने एक टेम्पो के अंदर लड़की के साथ शराब पी, फिर यौन उत्पीड़न के बाद चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी और शव को खुले मैदान में फेंक दिया था। शव इतना सड़ चुका था कि एक हाथ अलग था और आवारा कुत्तों ने शरीर के कुछ हिस्सों को नोंच लिया था। पीड़िता के परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी क्योंकि वह पहले भी कई बार बिना बताए घर से चली जाती थी। उस मामले में भी पुलिस ने बीएनएस और पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की थी।