कुदरत का कहर: सोते हुए परिवार पर गिरा पहाड़, 3 साल के बच्चे समेत 3 की मौत

कुदरत का कहर: सोते हुए परिवार पर गिरा पहाड़, 3 साल के बच्चे समेत 3 की मौत

कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में रविवार तड़के भारी बारिश के बीच एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। तीर्थहल्ली तालुक के इंदिरा नगर में हुए भूस्खलन (Landslide) ने एक झोपड़ी को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया, जिससे एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई।

मृतकों में तीन साल का एक मासूम भी शामिल है। इस समय राज्य के मलनाड और तटीय इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही है, जिसका सीधा असर जनजीवन, यातायात और रेलवे सेवाओं पर पड़ा है।

गहरी नींद में था परिवार, तभी टूट पड़ा पहाड़ों का कहर

पुलिस के मुताबिक, यह खौफनाक हादसा रात करीब 2.30 बजे हुआ, जब परिवार अपनी झोपड़ी में गहरी नींद में सो रहा था। अचानक एक छोटी पहाड़ी का भारी मलबा उनके ऊपर आ गिरा। इस हादसे में 35 वर्षीय मल्लिकार्जुन, उनकी 28 साल की पत्नी नागवेनी और 3 साल के बेटे संतोष की मौके पर ही मौत हो गई। यह परिवार मूल रूप से कोप्पल जिले के गंगावती तालुक के कोक्करेगारू गांव का रहने वाला था। पास की झोपड़ी में रह रहे एक अन्य व्यक्ति को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दमकल और आपातकालीन विभाग ने पुलिस के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से शवों को बाहर निकाला।

पटरियों पर भूस्खलन, बेंगलुरु से मंगलुरु जाने वाली 7 ट्रेनें रद्द

लगातार हो रही बारिश से हसन जिले के सकलेशपुर तालुक में एडकुमारी और श्रीबागिलु स्टेशनों के बीच भी बड़ा भूस्खलन हुआ है। पटरियों पर मिट्टी, पत्थर और भारी मलबा गिरने से रेलवे ट्रैक को काफी नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे अधिकारियों ने बेंगलुरु से मंगलुरु, कारवार, कोझिकोड, मुरुदेश्वर और विजयपुरा को जोड़ने वाली सात प्रमुख ट्रेनों को सस्पेंड कर दिया है। इस अचानक हुए रुकावट के कारण सिविल पुलिस कांस्टेबल की परीक्षा देने जा रहे सैकड़ों छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों से जाने की सलाह दी गई है।

Latest Posts