चाणक्य नीति से पीएम मोदी ने सिखाया जीवन का फलसफा! धर्म, धन और औषधि को लेकर कही ये चौंकाने वाली बात

चाणक्य नीति से पीएम मोदी ने सिखाया जीवन का फलसफा! धर्म, धन और औषधि को लेकर कही ये चौंकाने वाली बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कर्नाटक दौरे की शुरुआत से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संस्कृत का एक प्रेरक सुभाषित साझा कर देशवासियों को जीवन की गहरी सीख दी है। चाणक्य नीति से प्रेरित इस श्लोक के जरिए प्रधानमंत्री ने समझाया कि जिंदगी में पांच अहम चीजों की मौजूदगी के साथ-साथ उनका सही उपयोग कितना अनिवार्य है। गौरतलब है कि पीएम मोदी आज कर्नाटक में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने पहुंच रहे हैं, जहां वे राज्य को हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने 'धर्मं धनं च धान्यं च गुरोर्वचनमौषधम्। सुगृहीतं च कर्तव्यमन्यथा तु न जीवति॥' श्लोक साझा करते हुए इसका भावार्थ भी रेखांकित किया। आचार्य चाणक्य की प्रसिद्ध रचना 'चाणक्य नीति' के 14वें अध्याय के 19वें श्लोक से लिया गया यह नीति सूत्र बताता है कि धर्म, धन, अनाज, गुरु की सीख और दवाइयों को हमेशा समझदारी और विवेक से अपनाना चाहिए। अगर इन पांच चीजों का सही इस्तेमाल न हो, तो व्यक्ति जीवन में इनके वास्तविक लाभ से वंचित रह जाता है और उसका जीवन संकटों से घिर सकता है। चाणक्य के अनुसार मनुष्य को सुरक्षित और समृद्ध रहने के लिए नैतिकता, आर्थिक स्थिरता, खाद्य सुरक्षा, सही मार्गदर्शन और स्वास्थ्य पर समान ध्यान देना चाहिए।

श्लोक की व्याख्या के मुताबिक यहां धर्म का आशय महज पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि सत्य, सद्कर्म और नैतिक कर्तव्यों का पालन करना ही वास्तविक धर्म है। वहीं धन से तात्पर्य ईमानदारी और मेहनत से की गई कमाई से है, जिसका संचय भविष्य की विपत्तियों से निपटने और परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए जरूरी है। इसी तरह धान्य यानी अन्न का उचित संग्रह भुखमरी जैसी परिस्थितियों से बचाव का साधन बनता है। चाणक्य नीति में गुरु के वचनों को सिर्फ सुनने के बजाय आचरण में ढालने पर जोर दिया गया है, ताकि इंसान जीवन में सटीक निर्णय ले सके। अंत में औषधि यानी दवाओं और स्वास्थ्य नियमों के सही पालन की बात कही गई है, क्योंकि बीमारी में सही समय पर उचित दवा का सेवन ही जीवन की रक्षा सुनिश्चित करता है।