IND vs NZ: 5 रन पर मिला जीवनदान, फिर कीवी बल्लेबाज ने उधेड़ी भारतीय गेंदबाजों की बखिया!
माउंट मौनगानुई के बे ओवल मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे चौथे एकदिवसीय मुकाबले में टीम इंडिया की फील्डिंग पूरी तरह लड़खड़ा गई। शुरुआती मैचों में चुस्त फील्डिंग का मुजाहिरा पेश करने वाली भारतीय टीम इस मुकाबले में साधारण मौकों को भुनाने में भी नाकाम रही। मैच की शुरुआत में ही इसका सबसे बड़ा खामियाजा भारतीय गेंदबाजों को भुगतना पड़ा, जब न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज विल यंग को लगातार दो गेंदों पर दो जीवनदान मिले।
कीवी पारी के दूसरे ही ओवर में यह पूरा ड्रामा घटा। भारतीय तेज गेंदबाज आकिब नबी की पांचवीं गेंद पर विल यंग के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और गेंद पहली स्लिप में तैनात रोहित शर्मा के पास गई। गेंद सही ऊंचाई पर थी, मगर रोहित कैच लपकने से चूक गए। इसके ठीक अगली गेंद पर यंग ने एक बार फिर किनारा दिया। गेंद विकेटकीपर और स्लिप के बीच से निकल रही थी, तभी विकेटकीपर ईशान किशन ने डाइव लगाई, लेकिन गेंद उनके दस्तानों से भी फिसल गई। महज 5 रन के निजी स्कोर पर दो बैक-टू-बैक जीवनदान मिलने के बाद विल यंग ने आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया। उन्होंने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए महज 49 गेंदों में अपनी शानदार फिफ्टी पूरी की और अर्धशतक के बाद भी तेज गति से रन बटोरना जारी रखा।
इस चौथे मुकाबले में कप्तानी का जिम्मा संभाल रहे श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया इस मैच में तीन बड़े बदलावों के साथ मैदान पर उतरी है, जिसमें शुभमन गिल, केएल राहुल और अंशुल कंबोज को आराम दिया गया है। वहीं कीवी टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में 6 बदलाव किए हैं। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद न्यूजीलैंड के ओपनर्स ने मिले मौकों का भरपूर लाभ उठाते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।