शहजाद पूनावाला ने छोड़ी BJP? X बायो से हटाया पद, राजनीति छोड़ने की तेज हुई चर्चा
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सबसे चर्चित चेहरों और टीवी डिबेट्स में अपनी बेबाक राय रखने वाले राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला को लेकर एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है।
सूत्रों के हवाले से खबर है कि शहजाद पूनावाला ने बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता और अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, पार्टी या खुद पूनावाला की तरफ से अभी तक इस्तीफे का कोई आधिकारिक औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर हुई हालिया हलचल ने इन अटकलों को लगभग पुख्ता कर दिया है।
सोशल मीडिया (X) बायो से हटाया बीजेपी का नाम
इस पूरी चर्चा की शुरुआत तब हुई जब शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर अपने प्रोफाइल में एक बड़ा बदलाव किया। उन्होंने अपने एक्स हैंडल से 'नेशनल स्पोक्सपर्सन, बीजेपी' (National Spokesperson, BJP) का पद हटा लिया है। गुरुवार को उन्होंने खुद अपने अपडेटेड एक्स बायो का एक स्क्रीनशॉट शेयर किया। इसके कैप्शन में उन्होंने सिर्फ इतना लिखा- "मेरा अपडेटेड बायो।" प्रोफाइल से बीजेपी का नाम गायब होने के बाद से ही राजनीतिक हलकों में उनके अगले कदम को लेकर कयासों का दौर शुरू हो गया है।
क्या लिखा है पूनावाला के नए बायो में?
भले ही शहजाद पूनावाला ने अपने बायो से बीजेपी का जिक्र हटा दिया हो, लेकिन उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी निष्ठा को बरकरार रखा है। उनके नए बायो में लिखा है- "धर्म: इस्लाम, संस्कृति: हिंदू, विचारधारा: भारतीय। लेखक: GST की यात्रा। पीएम नरेंद्र मोदी के आजीवन अनुयायी।" उनका यह नया बायो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसके कई राजनीतिक मायने निकाल रहे हैं।
क्या सक्रिय राजनीति को कहेंगे अलविदा?
बीजेपी छोड़ने की खबरों के बीच एक और चर्चा जोरों पर है कि क्या 38 वर्षीय शहजाद पूनावाला अब सक्रिय राजनीति से भी संन्यास लेने जा रहे हैं? दरअसल, हाल ही में पूनावाला ने अपने कुछ पुराने इंटरव्यू के वीडियो क्लिप भी रीपोस्ट किए हैं। इन क्लिप्स में वह सक्रिय राजनीति (Active Politics) को छोड़ने पर विचार करने की बात कहते हुए नजर आ रहे हैं। उनके इन कदमों ने राजनीति छोड़ने की अफवाहों को और हवा दे दी है। फिलहाल, सभी की निगाहें शहजाद पूनावाला के अगले आधिकारिक बयान पर टिकी हैं कि वे राजनीति में बने रहेंगे या कोई नई राह चुनेंगे।