1 नंबर कम आने पर टीचर ने जड़ा थप्पड़, होनहार छात्र ने लगाई फांसी; IIT बॉम्बे में भी एक स्टूडेंट ने दी जान

1 नंबर कम आने पर टीचर ने जड़ा थप्पड़, होनहार छात्र ने लगाई फांसी; IIT बॉम्बे में भी एक स्टूडेंट ने दी जान

परीक्षा के अंकों का दबाव और सार्वजनिक अपमान कभी-कभी इतने गहरे मानसिक घाव दे जाता है कि एक होनहार छात्र अपनी जिंदगी खत्म करने जैसा खौफनाक कदम उठा लेता है। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला तेलंगाना के जोगुलम्बा गडवाल जिले से सामने आया है।

यहां इंटरमीडिएट (12वीं) के एक 18 वर्षीय होनहार छात्र ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि एक महिला लेक्चरर ने क्लासरूम में साथियों के सामने उसका अपमान किया था और उसे थप्पड़ मारा था। दूसरी ओर, मुंबई के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी बॉम्बे (IIT Bombay) से भी एक द्वितीय वर्ष के छात्र की आत्महत्या की दुखद खबर ने पूरे शिक्षा जगत को झकझोर कर रख दिया है।

सिर्फ 1 नंबर का था फासला, क्लास में हुआ था विवाद

तेलंगाना पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह पूरी घटना गडवाल मंडल के कोथापल्ली गांव की है। मृतक छात्र सरकारी जूनियर कॉलेज में पढ़ता था। 11वीं कक्षा (प्रथम वर्ष) के नतीजों में बायलॉजी और फिजिक्स (BiPC) स्ट्रीम में एक छात्रा ने 440 में से 435 अंक लाकर कॉलेज में पहला स्थान हासिल किया था, जबकि इस छात्र को 434 अंक मिले थे और वह दूसरे स्थान पर रहा था।

विवाद की शुरुआत 27 जुलाई को तब हुई, जब एक महिला लेक्चरर ने महज़ 1 अंक ज्यादा लाने पर छात्रा की पूरी क्लास के सामने जमकर तारीफ की। इस पर पीड़ित छात्र ने आपत्ति जताई, जिसके बाद लेक्चरर और छात्र के बीच तीखी बहस हो गई।

सुसाइड नोट में छलका दर्द: 'टीचर ने सबके सामने जड़ा थप्पड़'

मृतक छात्र के पास से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें इस खौफनाक कदम की असल वजह साफ तौर पर लिखी गई है। जांचकर्ताओं के अनुसार, छात्र ने पत्र में आरोप लगाया है कि बहस के दौरान लेक्चरर ने उसे सरेआम थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद टीचर उसे घसीटते हुए प्रिंसिपल के पास भी ले गई थीं, जहां प्रिंसिपल ने भी उसे समझाया था।

साथियों के सामने हुए इस भारी अपमान से वह इस कदर टूट गया कि मंगलवार को जब उसके माता-पिता और बड़ा भाई घर पर नहीं थे, तब उसने फांसी के फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी। छात्र के भाई की लिखित शिकायत पर गडवाल पुलिस ने आरोपी महिला लेक्चरर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (Abetment to Suicide) का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के परिवार वालों ने इसे एक होनहार बच्चे की हत्या के समान बताते हुए आरोपी टीचर के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

IIT बॉम्बे में पसरा मातम: सेकंड ईयर के छात्र ने फंदे से लटकी जान

छात्रों में मानसिक तनाव और आत्महत्या की दूसरी दुखद घटना मुंबई के पवई स्थित आईआईटी बॉम्बे से आई है। बुधवार को सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, 29 जुलाई 2026 की रात को मटेरियल साइंस के द्वितीय वर्ष के छात्र सोहिल राजकुमार सांगवान (20 वर्ष) ने अपने कमरे में जीवन लीला समाप्त कर ली।

यह घटना आईआईटी के हॉस्टल नंबर 04 के कमरा नंबर जी-4147 में घटी, जहां सोहिल ने सीलिंग फैन से चादर बांधकर फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही पवई पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। मुंबई पुलिस ने हाल ही में लागू हुई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 194 के तहत एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR संख्या 83/2026) दर्ज कर ली है। मृत्यु के सटीक कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस गंभीरता से आगे की जांच कर रही है।

Latest Posts