प्रेमी के साथ मिलकर पति को मारने की तैयारी में थी पत्नी, युवक ने ऐसे बचाई अपनी जान

प्रेमी के साथ मिलकर पति को मारने की तैयारी में थी पत्नी, युवक ने ऐसे बचाई अपनी जान

एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर (Extramarital Affair) यानी अवैध संबंधों के चलते जीवनसाथी की हत्या के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। मेरठ की सोनम रघुवंशी, मुस्कान और दामिनी जैसी घटनाओं ने पूरे देश को दहला दिया था।

अब ऐसा ही एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के चित्तूर जिले से सामने आया है। यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति को मौत के घाट उतारने की खौफनाक साजिश रची। लेकिन पति की सूझबूझ और ग्रामीणों की सतर्कता से एक बड़ा हत्याकांड टल गया और एक खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हो गया।

'रॉन्ग नंबर' से शुरू हुई बर्बादी की कहानी

यह सनसनीखेज घटना चित्तूर जिले के कुप्पम इलाके (Kuppam) की है। गुडुपल्ली मंडल के गुडी कोथुर गांव निवासी चिरंजीवी और शोभा की शादी को 10 साल हो चुके थे। उनके दो बच्चे भी हैं और परिवार हंसी-खुशी जीवन बिता रहा था। लेकिन करीब तीन महीने पहले शोभा के मोबाइल पर आए एक 'रॉन्ग नंबर' ने इस हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। यह कॉल गुंटूर जिले के कंद्रिगा निवासी बालाजी नाइक का था। फोन पर हुई बातचीत जल्द ही प्यार में बदल गई। प्यार का परवान ऐसा चढ़ा कि शोभा एक महीने पहले अपने पति और दो मासूम बच्चों को बिलखता छोड़ प्रेमी बालाजी के साथ फरार हो गई। चिरंजीवी ने तुरंत पुलिस में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

अखबार की खबरों से पति को हुआ शक और शुरू की तलाश

पत्नी के भागने के बाद चिरंजीवी शांत नहीं बैठा। उसने हाल ही में टीवी और अखबारों में अवैध संबंधों के कारण पतियों की हत्या की खबरें पढ़ी थीं। उसे डर सताने लगा कि कहीं उसकी पत्नी और उसका प्रेमी भी उसे और उसके बच्चों को रास्ते से हटाने की साजिश न रच रहे हों। इसी खौफ और सतर्कता के चलते उसने खुद शोभा की तलाश तेज कर दी। जल्द ही उसे भनक लग गई कि शोभा और बालाजी कुप्पम के पास बेंगिलापल्ली में छिपे हैं और दोनों ने एक स्थानीय मंदिर में गुपचुप शादी भी रचा ली है। बिना देरी किए, चिरंजीवी ने अपने रिश्तेदारों और गांव वालों की मदद ली और दोनों को रंगे हाथों पकड़कर ग्राम पंचायत के सामने पेश कर दिया।

पंचायत में खुला मर्डर का राज, पुलिस जांच में जुटी

गुडी कोथुर गांव की पंचायत के सामने जब दोनों से सख्ती से पूछताछ की गई, तो प्रेमी बालाजी नाइक ने जो सच उगला, उसने वहां मौजूद हर शख्स के होश उड़ा दिए। बालाजी ने सबके सामने अपना जुर्म कबूलते हुए बताया कि वे दोनों मिलकर शोभा के पति चिरंजीवी की हत्या की खौफनाक योजना बना रहे थे। यह सुनकर चिरंजीवी के पैरों तले जमीन खिसक गई, लेकिन उसने राहत की सांस भी ली कि उसकी समय पर दिखाई गई सतर्कता ने उसकी जान बचा ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुप्पम के डीएसपी (DSP) पार्थसारथी ने तुरंत एक्शन लिया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Latest Posts