नमो भारत से सफर करने वाले ध्यान दें! 4 से 12 अगस्त तक 17 स्टेशनों पर गेट बंद, ट्रेनों का टाइम भी बदला

नमो भारत से सफर करने वाले ध्यान दें! 4 से 12 अगस्त तक 17 स्टेशनों पर गेट बंद, ट्रेनों का टाइम भी बदला

अगर आप आने वाले दिनों में नमो भारत ट्रेन (Namo Bharat Train) से दिल्ली, गाजियाबाद या मेरठ के बीच यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो पहले से तैयारी कर लें। कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने 4 अगस्त से 12 अगस्त तक कई स्टेशनों पर अस्थायी प्रतिबंध लागू किए हैं।

हालांकि, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी और ट्रेनों की संख्या भी बढ़ा दी गई है, ताकि यात्रियों को कम इंतजार करना पड़े।

17 नमो भारत स्टेशनों पर कई गेट रहेंगे बंद

प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार, दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के 17 स्टेशनों पर कई प्रवेश और निकास द्वार अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। इन प्रभावित गेटों के पास स्थित पार्किंग सुविधाएं भी 4 अगस्त से 12 अगस्त तक उपलब्ध नहीं होंगी।

इन स्टेशनों पर लागू रहेगा प्रतिबंध

कांवड़ यात्रा के दौरान जिन नमो भारत स्टेशनों पर प्रवेश और निकास संबंधी प्रतिबंध लागू रहेंगे, उनमें शामिल हैं-

  • मोदीपुरम
  • मेरठ उत्तर
  • एमईएस कॉलोनी
  • बेगमपुल
  • भैंसाली
  • मेरठ सेंट्रल
  • ब्रह्मपुरी
  • शताब्दी नगर
  • रिठानी
  • परतापुर
  • मेरठ दक्षिण
  • मोदीनगर उत्तर
  • मोदीनगर दक्षिण
  • मुरादनगर
  • दुहाई
  • गुलधर
  • गाजियाबाद

अधिकांश स्टेशनों पर गेट नंबर-2 बंद रहेगा। वहीं, बेगमपुल स्टेशन पर गेट नंबर-2 और 3, दुहाई स्टेशन पर गेट नंबर-3 और 4, जबकि गाजियाबाद स्टेशन पर गेट नंबर-3 और 5 अस्थायी रूप से बंद रहेंगे।

यात्रियों को वैकल्पिक गेट इस्तेमाल करने की सलाह

एनसीआरटीसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्रभावित स्टेशनों पर उपलब्ध अन्य प्रवेश और निकास द्वारों का उपयोग करें। निगम ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा है कि यह व्यवस्था केवल कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए की गई है।

एनसीआरटीसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि सराय काले खान से मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन सेवाएं निर्धारित समय के अनुसार संचालित होती रहेंगी और ट्रेन संचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

अब हर 8 मिनट में मिलेगी नमो भारत ट्रेन

कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए एनसीआरटीसी ने 30 जुलाई से 14 अगस्त तक 52 अतिरिक्त नमो भारत ट्रेन सेवाएं शुरू की हैं।

इन अतिरिक्त सेवाओं के बाद सराय काले खान और मोदीपुरम के बीच ट्रेनें अब हर 10 मिनट के बजाय 8 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी। यदि यात्रियों की संख्या और बढ़ती है तो जरूरत के अनुसार ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी में और इजाफा किया जा सकता है।

Latest Posts