वाहन मालिकों को झटका! महंगा हुआ PUC, अब देनी होगी इतनी फीस

वाहन मालिकों को झटका! महंगा हुआ PUC, अब देनी होगी इतनी फीस

महाराष्ट्र में वाहन चलाने वालों के लिए जरूरी पीयूसी यानी पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट अब पहले से महंगा हो गया है। राज्य के परिवहन विभाग ने नई फीस को मंजूरी दे दी है। अब महाराष्ट्र के सभी पीयूसी केंद्रों पर निर्धारित नई दरों के हिसाब से ही शुल्क लिया जाएगा।

वाहन के प्रदूषण स्तर की जांच के बाद पीयूसी प्रमाणपत्र जारी किया जाता है। यह प्रमाणपत्र बताता है कि वाहन तय प्रदूषण मानकों के भीतर है। फीस बढ़ाने की मांग महाराष्ट्र स्टेट पीयूसी सेंटर ओनर्स एसोसिएशन की ओर से की गई थी।

किस वाहन के लिए कितना बढ़ा शुल्क?

नई व्यवस्था में अलग-अलग श्रेणी के वाहनों की जांच फीस बढ़ाई गई है।

  • दोपहिया वाहनों की फीस 50 रुपये से बढ़कर 60 रुपये हो गई है।
  • पेट्रोल वाले तिपहिया वाहनों के लिए अब 120 रुपये देने होंगे। पहले शुल्क 100 रुपये था।
  • पेट्रोल, सीएनजी और एलपीजी से चलने वाले वाहनों की फीस 125 रुपये से बढ़कर 150 रुपये हो गई है।
  • डीजल वाहनों की पीयूसी जांच अब 180 रुपये की होगी। पहले इसके लिए 150 रुपये लिए जाते थे।

यानी वाहन मालिकों को अब पीयूसी बनवाने के लिए वाहन की श्रेणी के अनुसार 10 से 30 रुपये तक अतिरिक्त खर्च करना होगा।

फीस बढ़ाने से पहले हुआ अध्ययन

फीस में बदलाव सीधे तौर पर नहीं किया गया। परिवहन विभाग ने इस मांग की समीक्षा के लिए तीन सदस्यों की समिति बनाई थी। समिति ने दूसरे राज्यों में लागू पीयूसी शुल्क की जानकारी जुटाई और इससे जुड़े अन्य पहलुओं का अध्ययन किया।

रिपोर्ट मिलने के बाद परिवहन विभाग ने संशोधित दरों को मंजूरी दी। अब राज्यभर के पीयूसी केंद्रों पर इन्हीं शुल्कों का पालन करना होगा।

केंद्रों पर नई फीस दिखाना जरूरी

पीयूसी सेंटर संचालकों को नई दरों की सूची प्रमुख स्थान पर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे वाहन मालिकों को जांच से पहले निर्धारित शुल्क की जानकारी मिल सकेगी।

अधिकारियों को यह भी कहा गया है कि कोई केंद्र तय फीस से ज्यादा पैसे न वसूले। निगरानी के लिए वायुवेग टीमों को भी आवश्यक निर्देश देने की बात कही गई है।

Latest Posts