BJP विधायक सुधीर शर्मा पर विजिलेंस का बड़ा एक्शन, आय से अधिक संपत्ति मामले में फंसे

BJP विधायक सुधीर शर्मा पर विजिलेंस का बड़ा एक्शन, आय से अधिक संपत्ति मामले में फंसे

हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से BJP विधायक सुधीर शर्मा के विरुद्ध राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत एफआईआर दर्ज की है। विजिलेंस के अनुसार, यह कार्रवाई सोर्स इन्फॉर्मेशन रिपोर्ट पर आधारित प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद की गई। 

जारी रहेगी जांच

जांच में आयकर रिटर्न, चुनावी हलफनामे, संपत्ति दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की समीक्षा के दौरान ज्ञात आय की तुलना में अधिक संपत्ति और खर्च के संकेत मिले हैं। एजेंसी का कहना है कि जमीन के सौदे, निवेश, बैंक लेन-देन, वाहनों की खरीद, आवास निर्माण खर्च और अन्य वित्तीय पहलुओं की विस्तृत जांच अभी जारी रहेगी।

विजिलेंस ने बताया कि कुछ वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों का सत्यापन अभी बाकी है तथा आवासीय संपत्ति के निर्माण, इंटीरियर और फर्निशिंग पर हुए खर्च का तकनीकी मूल्यांकन भी किया जाएगा।

जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले पर सुधीर शर्मा की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, हालांकि उन्होंने सोशल मीडिया पर एक संक्षिप्त पोस्ट में लिखा, "कभी-कभी सेल्फ डिफेंस में सेल्फ गोल भी हो जाता है, फुटबॉल में, FIR मत कहना।"

वहीं, BJP ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया है। पार्टी के प्रवक्ता राजेंद्र राणा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार अपनी नाकामियों और कथित घोटालों से ध्यान भटकाने के लिए विपक्षी नेताओं पर झूठे मामले दर्ज करा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि BJP की आरोप-पत्र समिति के गठन के बाद सरकार की बेचैनी बढ़ गई है और राजनीतिक विरोधियों को डराने के लिए पुलिस और जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है।

सुधीर शर्मा पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं और 2022 में धर्मशाला से कांग्रेस विधायक चुने गए थे। मुख्यमंत्री सुक्खू से मतभेद बढ़ने के बाद उन्होंने 2024 के राजनीतिक घटनाक्रम के दौरान कांग्रेस छोड़कर BJP का दामन थाम लिया। राज्यसभा चुनाव में BJP उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने वाले छह पूर्व कांग्रेस विधायकों में शामिल सुधीर शर्मा ने बाद में उपचुनाव जीतकर दोबारा विधानसभा में वापसी की और तब से लगातार मुख्यमंत्री सुक्खू की सरकार पर हमलावर रहे हैं।

Latest Posts