कनॉट प्लेस में दिनदहाड़े बवाल! रोते हुए कश्मीरी युवक ने सुनाई आपबीती- 'मोदी का नाम लिया तो बेरहमी से पीटा!'
राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में गुरुवार को उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब श्रीनगर से आए एक कश्मीरी युवक पर कथित तौर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। पीड़ित युवक का नाम फहीम नाजिर है। उसका आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में अपनी बात रखने की वजह से उसे बेरहमी से पीटा गया। यह घटना उस रेस्टोरेंट के ठीक बाहर हुई जहां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्षी इंडिया गठबंधन के सांसदों के लिए लंच का आयोजन किया था।
फहीम नाजिर के अनुसार, वह रेस्टोरेंट के बाहर पीएम मोदी के समर्थन वाला पोस्टर लेकर अपनी बात रख रहा था, तभी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद जब पीड़ित मीडिया कैमरों के सामने अपनी आपबीती बयां करने लगा, तो वहां भी कुछ लोगों ने उसे भगाने का प्रयास किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उस पर राहुल गांधी के खिलाफ अपशब्द कहने का आरोप लगाया, जिसे फहीम ने सिरे से खारिज कर दिया। फहीम ने दावा किया कि पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग मीडिया के पास मौजूद है, और अगर कोई साबित कर दे कि उसने गाली दी थी तो वह पैर छूकर माफी मांगने को तैयार है।
हमले के बाद रोते हुए फहीम ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी राय रखने पर इस तरह पीटना बेहद शर्मनाक है। उसने कहा कि वह भारत का जिम्मेदार नागरिक है और देश को किसी भी कीमत पर नेपाल या बांग्लादेश की तरह अस्थिर नहीं बनने देगा। ईवीएम पर विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए उसने कहा कि इस तकनीक की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के दौर में हुई थी। 2004 और 2009 में जब कांग्रेस सत्ता में आई या जहां राहुल गांधी चुनाव जीतते हैं, तब ईवीएम पर सवाल नहीं उठाए जाते; केवल हारने पर ही वोट चोरी का नैरेटिव गढ़ा जाता है।
फहीम ने यह भी साफ किया कि उसका भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) या किसी अन्य राजनीतिक संगठन से औपचारिक संबंध नहीं है। वह खुद को पीएम मोदी का बड़ा प्रशंसक बताता है और उनसे मिलने की चाह में साल 2021 में श्रीनगर से दिल्ली तक पैदल यात्रा भी कर चुका है। घटना से जुड़े वीडियो फुटेज में दिख रहा है कि फहीम समर्थन में नारेबाजी कर रहा था, तभी कुछ लोगों ने पहुंचकर पीएम विरोधी नारे लगाए और देखते ही देखते उसके साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। पुलिस इस मामले के वीडियो फुटेज और तथ्यों की पड़ताल कर रही है।