दिवाली की रात फूल बेचने वाली महिला पर लाठी-डंडों से हमला, 4 नाबालिगों समेत 6 आरोपी दबोचे

दिवाली की रात फूल बेचने वाली महिला पर लाठी-डंडों से हमला, 4 नाबालिगों समेत 6 आरोपी दबोचे

राजधानी दिल्ली के पॉश हौज खास इलाके में दिवाली की रात फूल विक्रेता महिला और उसके नाबालिग देवर पर लाठी-डंडों से हुए हमले के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों में 4 नाबालिग भी शामिल हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह खूनी हमला किसी ड्रग माफिया के दबाव में नहीं, बल्कि ननद-भाभी के बीच लंबे समय से चली आ रही पुरानी पारिवारिक रंजिश का नतीजा था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह सनसनीखेज वारदात 8 नवंबर की रात अरबिंदो मार्ग स्थित यूसुफ सराय बस स्टैंड के पास हुई। संगम विहार की रहने वाली 37 वर्षीय राधा अपने नाबालिग देवर के साथ यहां फूलों की दुकान लगाती हैं। दिवाली की रात अचानक पहुंचे कुछ हमलावरों ने दोनों पर लाठियों से हमला कर दिया और उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। हमले में लहूलुहान दोनों घायलों को तुरंत मदन मोहन मालवीय अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती दिनों में मामले की कोई पीसीआर कॉल या लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई थी, लेकिन जब घटना का दर्दनाक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया।

इंटरनेट पर यह चर्चा भी चलने लगी थी कि इलाके में नशीले पदार्थों की बिक्री का विरोध करने पर महिला को निशाना बनाया गया। वीडियो सामने आते ही दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी ने मामले का संज्ञान लिया और हौज खास थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की। पड़ताल में सामने आया कि हमलावर कोई बाहरी गिरोह नहीं, बल्कि पीड़िता के रिश्तेदार ही हैं। पुलिस ने त्वरित दबिश देकर जैतपुर इलाके से मुख्य आरोपी सोनी (35) और उस्मान नौशाद (22) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि वारदात में शामिल चार अन्य नाबालिगों को भी हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अब घटना में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।