44 में से 0 सीट, यहां हुए चुनावों में AAP को लगा अब तक का सबसे बड़ा झटका
गुजरात में 2027 के विधानसभा इलेक्शन की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी (AAP) को राजधानी गांधीनगर में तगड़ा झटका लगा है। मंगलवार को घोषित हुए गांधीनगर नगर निगम (GMC) की 44 सीटों के चुनाव नतीजों में अरविंद केजरीवाल की पार्टी को दोहरा नुकसान उठाना पड़ा है। पार्टी न सिर्फ अपना खाता खोलने में नाकाम रही, बल्कि उसका वोट शेयर भी बुरी तरह गिर गया। दूसरी तरफ, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 44 में से 38 सीटों पर शानदार जीत दर्ज कर निगम पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। वहीं, कांग्रेस के खाते में 5 सीटें और 1 सीट निर्दलीय उम्मीदवार के हिस्से में गई है।
21.77% से गिरकर 4.37% पर सिमटा AAP का वोट बैंक
गुजरात में अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रही आम आदमी पार्टी के लिए साल 2021 का गांधीनगर नगर निगम चुनाव काफी उम्मीदों भरा रहा था। तब पार्टी ने भले ही सिर्फ 1 सीट जीती थी, मगर उसे 21.77 फीसदी वोट मिले थे। इसके उलट इस बार के चुनाव में AAP का वोट शेयर धड़ाम से गिरकर महज 4.37 फीसदी पर आ गया और पूरे शहर में उसे केवल 23,894 वोट ही मिल सके।
इस करारी हार पर AAP के गुजरात संगठन महासचिव मनोज सोराठिया ने कहा कि पार्टी जनता के जनादेश को पूरे दिल से स्वीकार करती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन की कमियों को दूर कर पार्टी को फिर से मजबूत किया जाएगा और एक सशक्त विपक्ष के रूप में जनता की आवाज उठाई जाएगी।
BJP के वोट शेयर में 10% का उछाल, कांग्रेस को भी फायदा
गांधीनगर में आम आदमी पार्टी के कमजोर पड़ने का सीधा फायदा बीजेपी और कांग्रेस को मिला है। बीजेपी को भले ही पिछले चुनाव के मुकाबले 3 सीटें कम मिली हों, मगर उसके वोट शेयर में करीब 10 फीसदी की बड़ी बढ़ोतरी हुई है। भारतीय जनता पार्टी का वोट शेयर 2021 के 46.49 फीसदी से बढ़कर इस बार 56.46 फीसदी हो गया है। वहीं, कांग्रेस ने भी अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए वोट शेयर को 28.02 फीसदी से बढ़ाकर 36.93 फीसदी तक पहुंचाया है। चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों को कुल 1.75 फीसदी और बहुजन समाज पार्टी (BSP) को महज 0.16 फीसदी वोट मिले।