img

नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा केंद्र में दो दफा सरकार बना चुकी है और तीसरी मर्तबा भी सत्ता में आने की कोशिश कर रही है। कुछ सर्वेक्षणों से पता चला है कि नरेंद्र मोदी का जादू अभी भी बरकरार है और भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को फिर से बहुमत मिल सकता है। हालांकि, राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में ऐसी स्थिति देखने को नहीं मिलती है।

इस साल के विधानसभा चुनाव के परिणाम तो यही बताते हैं। इस साल भाजपा कर्नाटक जैसे राज्य हार गई। दिसंबर 2022 में हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा की हार हुई। अभी तक इन दोनों जगहों पर भाजपा सत्ता में थी। इस साल हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। कर्नाटक में कांग्रेस ने 224 में से 136 सीटें जीतीं। भाजपा 104 से गिरकर 65 पर आ गई। इसके साथ साथ कई राज्यों में हुए उपचुनावों में भी भाजपा को हार का स्वाद चखना पड़ा है।

इसके साथ ही भाजपा इस साल कई जगहों पर सत्ता बचाने में भी कामयाब रही। मार्च में पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए और पार्टी तीनों राज्यों में अपनी सरकार बचाने में सफल रही। BJP त्रिपुरा में अपने दम पर सत्ता में लौट आई और नागालैंड में एनडीपीपी और मेघालय में सत्तारूढ़ एनपीपी के साथ गठबंधन किया।

पिछले साल दिसंबर में दो राज्यों गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव हुए थे। इनमें से गुजरात में भाजपा को जीत मिली, लेकिन हिमाचल प्रदेश में उसे हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा देश के अन्य राज्यों की बात करें तो भाजपा अब कुल 15 राज्यों में सत्ता में है। इन राज्यों में देश की करीब 44.35 % आबादी रहती है। वहीं, कांग्रेस अब 7 राज्यों में सरकार चला रही है। इन राज्यों में देश की कुल आबादी का 30.94 % हिस्सा रहता है।

--Advertisement--