झेलनी पड़ रही लोगों को भारी परेशानी, मानसून की पहली बारिश से ही मुंबई जलमग्न

img

मुंबई॥ मुंबई समेत सूबे में मंगलवार देर रात से हो रही भयंकर वर्षा से शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। मध्य रेलवे में कई जगह रेलवे पटरी डूब गई है, इससे कुर्ला-स्टेशन से मुंबई सीएसएमटी स्टेशन तक रेल सेवा बन्द कर दी गई है।

Heavy rain in Mumbai.

सड़कों पर हुए जलभराव की वजह से वाहन चालकों को कढ़ी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर भारी जाम लगा हुआ है। मुंबई नगर निगम ने लोगों को अत्यावश्यक काम रहने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

मंगलवार मध्यरात्रि से शुरू मूसलाधार वर्षा बुधवार को भी उसी रफ्तार से जारी है। इससे मुंबई शहर में किंगसर्कल, परेल, लालबाग, मिलन सबवे, विद्याविहार, सायन सर्कल दहिसर,चकाला आदि क्षेत्रों में जलभराव हो गया है। चेंबूर में पीएल लोखंडे मार्ग पर जलभराव हो गया है। यहां सोसाइटी व झोपड़पट्टी इलाकों में पानी भर गया है। इससे लोगों को भारी असुविधा हो रही है। वर्षा की वजह से शहर की कई सड़कें तालाब बन गई हैं, इससे कई वाहन रास्ते पर बन्द हो गए और ट्राफिक जाम बढ़ गया है।

मुंबई के पूर्व उपनगर, पश्चिमी उपनगर के कई इलाकों में जलभराव की वजह से नागरिकों का जनजीवन प्रभावित हुआ है। सायन, किंगसर्कल इलाके में वर्षा के पानी से रेल की पटरी डूब गई है। इसे देखते हुए मध्य रेलवे ने कुर्ला से मुंबई सीएसएमटी तक रेल सेवा आगामी आदेश तक बन्द कर दिया है।

झेलनी पड़ रही लोगों को भारी परेशानी

पश्चिम रेलवे व हार्बर रेलवे की सेवा धीमी गति से चल रही है। इससे अत्यावश्यक सेवा से जुड़े लोगों को काम पर जाने मे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्षा का असर मुंबई से सटे ठाणे, नई मुंबई, पालघर जिले में भी देखने को मिल रहा है। यहां भी निचले इलाकों में जलभराव की वजह से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों तक भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। इसी वजह से राज्य सरकार की आपदा प्रबंधन टीम ने मुंबई सहित राज्य में 9 जून से 12 जून तक प्रशासन को एलर्ट रहने की चेतावनी दी है। वर्षा से निपटने के लिए प्रशासन सतर्क हैं और लोगों को घर में रहने के लिए कहा गया है।

Related News