ठंड के मौसम में बहुत जरूरी है आंखों के स्वास्थ्य की रक्षा, अपनाएं ये तरीके मिलेगा लाभ

img
लाइफस्टाइल। मौसम बदलने के साथ ही विभिन्न बीमारियों ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। सरकारी और निजी अस्पताल में रोगियों की संख्या बढ़ रही है। इस ठंड के मौसम में लोग सतर्क भी रहते हैं, ऊनी कपड़े से अपने को सुरक्षित रखने का, पूरे शरीर को सुरक्षित रखने का प्रयास किया जाता है। लेकिन शरीर के महत्वपूर्ण अंग आंख पर ध्यान नहीं दिया जाना एक बड़े खतरे को जन्म देता है। ठंढ आते ही वातावरण में स्मॉग का स्तर बढ़ गया है। फॉग (धुंध) और स्मोक (धुआं) मिलकर स्मॉग बनाते हैं। सामान्य सोच है कि स्मॉग फेफड़ों पर अत्यधिक दुष्प्रभाव डालता है जो अपनी जगह पर सही भी है। लेकिन स्मॉग आंखों के लिए भी अत्यधिक हानिकारक होता है।
eye

आंखों के स्वास्थ्य पर स्मॉग का असर-

कंसलटेंट नेत्र विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक कुमार ने बताया कि स्मॉग के हानिकारक गैसों के कुप्रभाव से आंख का टियर फिल्म (आंसू की स्नेहक परत जो आंखों को नम रखती है) सुख जाता है। जिसके कारण आंखों में लालीपन, सूखापन, किरकिराहट, चुभन और धूप में देखने में परेशानी आदि लक्षण बढ़ जाते हैं। टियर फिल्म के कम होने से आंखों में संक्रमण का खतरा खतरनाक रूप से बढ़ जाता है। स्मॉग के कारण आंखों में सूखापन (ड्रायनेस) बढ़ जाता है।
सूखापन के अधिक बढ़ने से कॉर्निया क्षतिग्रस्त हो सकती है, जिसके कारण व्यक्ति स्थायी रूप से अंधता (ब्लाइंडनेस) का शिकार हो सकता है। स्मॉग के कारण आंखों में जलन और आई स्ट्रेन बढ़ जाता है। स्मॉग के कारण आंखों में सूजन, दर्द के साथ-साथ दिखाई देना कम हो सकता है।

स्मॉग के असर से आंखों को बचाने का उपाय

डॉक्टर बताते हैं कि घर से बाहर जाते समय अच्छे व साफ मास्क के साथ-साथ पूरे आंख को कवर करने वाले चश्मे का प्रयोग करना चाहिए। अपने शरीर में नमी की मात्रा को बनाये रखें। एक दिन में कम से कम छह से आठ ग्लास पानी पीना चाहिए। कॉन्टैक्ट लेंस तथा आंखों के मेकअप का प्रयोग नहीं करें।
आंख में लाली का किरकिराहट होने पर आंखों को हरगिज नहीं मलें। आंखों में स्मॉग का असर दिखते ही नेत्र रोग विशेषज्ञ से सलाह लें। कम दिखने, आंखों में लाली आने, किरकिराहट होने पर नेत्र रोग विशेषज्ञ से संपर्क करें। अपने मन से या बिना विशेषज्ञ के सलाह के आंखों में स्टेरॉयड (dexamethasone, betamethasone या prednisonol) युक्त दवा नहीं डालें।
Related News