img

Punjab News: रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग अभी भी जारी है। दोनों देशों के बीच चल रही जंग में पंजाब के कई युवा फंसे हुए हैं। अच्छी खबर ये है कि रूस में फंसा पंजाब के होशियारपुर का एक शख्स सही सलामत अपने देश लौट आया है। हालांकि, युवक के परिवार में अब भी डर बना हुआ है।

रूस में फंसा होशियारपुर के गांव हरटा का लाल गुरप्रीत सिंह घर लौट आया है। परिवार इस बारे में बात करने से कतरा रहा था लेकिन जब उसके चाचा कश्मीर सिंह ने गुरप्रीत के घर लौटने की पुष्टि की। उन्हें वापस आये एक सप्ताह से ज्यादा वक्त हो गया है। गांव के सरपंच बलबीर सिंह ने भी इसकी पुष्टि की है।

पास में रहने वाले एक ग्रामीण ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि मैंने गुरप्रीत को पिछले हफ्ते में कई बार देखा है। जिस दिन से युवक वापस आता है, परिवार कम ही घर से बाहर निकलता है। वे अपने बेटे गुरप्रीत के बारे में कम ही जानकारी देते हैं। जब भी उन्हें कहीं जाना होता है तो वे तुरंत उसे कार में बिठाकर निकल जाते हैं और किसी से मिलने भी नहीं देते।

ग्रामीण ने बताया कि उन्हें अब तक पता चला है कि जब वह रूस में युद्ध में थे तो एक विस्फोट हुआ था, जिसमें उनके चेहरे का एक हिस्सा बुरी तरह जख्मी हो गया था, जिसका फिलहाल इलाज चल रहा है।

इस साल मार्च में, गुरप्रीत ने कुछ अन्य भारतीय युवाओं के साथ अपने परिवार को भेजे गए एक वीडियो में आरोप लगाया था कि नए साल का जश्न मनाने के लिए पर्यटक वीजा पर उन्हें जबरन रूसी सेना में भर्ती किया गया था।

वीडियो में इल्जाम लगाया गया कि अगर वो रूसी सेना में शामिल नहीं हुए तो उन्हें वीजा का उल्लंघन करने के लिए 10 साल जेल की सजा दी जाएगी। इसलिए वह करीब छह महीने तक रूस में फंसे रहे और यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस की तरफ से लड़े भी।

--Advertisement--