पंजाब AAP में बगावत के बीच नया मोड़: जेल में बंद पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर का चुनाव लड़ने से इनकार

पंजाब AAP में बगावत के बीच नया मोड़: जेल में बंद पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर का चुनाव लड़ने से इनकार

पंजाब की सियासत में विधानसभा चुनावों से ठीक पहले आम आदमी पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सतह पर आ गया है। पार्टी द्वारा 40 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद से ही बगावत के सुर तेज थे, जिसके चलते तीन मौजूदा विधायकों ने पहले ही भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। अब इसी कड़ी में एक और बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है, जहां पूर्व कैबिनेट मंत्री और पट्टी विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक लालजीत सिंह भुल्लर ने इस बार चुनावी मैदान में उतरने से पूरी तरह इनकार कर दिया है।

वेयरहाउस डीएम गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या के मामले में लुधियाना से गिरफ्तारी के बाद से लालजीत भुल्लर फिलहाल जेल में बंद हैं। इस न्यायिक हिरासत के दौरान उनके आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से किए गए चुनावी संन्यास के ऐलान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। इस पोस्ट के सामने आते ही यह सवाल भी तेजी से उठने लगा है कि जेल की चारदीवारी में बंद पूर्व मंत्री का सोशल मीडिया अकाउंट आखिर कौन संचालित कर रहा है।

अपने भावुक सोशल मीडिया संदेश में भुल्लर ने लिखा कि उन्हें जानकारी मिली है कि पट्टी हलके के लोग उन्हें दोबारा चुनाव लड़ाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने खुद इस बार चुनावी रण से दूर रहने का फैसला किया है। उन्होंने अपने क्षेत्र की जनता का आभार जताते हुए कहा कि वह हमेशा उनके ऋणी रहेंगे और उनके सामने शीश झुकाते हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पहली बार उतरकर दिग्गज नेता आदेश प्रताप सिंह कैरों को शिकस्त देने वाले भुल्लर को मान सरकार में मंत्री बनाया गया था, लेकिन विवादों में नाम आने और गिरफ्तारी के बाद उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी ने अपनी 40 उम्मीदवारों की सूची में तीन मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए थे, जिसके तुरंत बाद उन्होंने बगावत करते हुए भाजपा की सदस्यता ले ली। पार्टी छोड़ने वाले इन चेहरों में पूर्व आईपीएस और अमृतसर नॉर्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं। टिकट कटने से पहले से ही पार्टी में हाशिए पर चल रहे इन नेताओं के जाने के बाद अब भुल्लर के इस कदम ने पंजाब चुनाव से पहले पार्टी की रणनीतियों पर गंभीर चर्चा छेड़ दी है।