एक्सप्रेसवे नहीं, अपनी जेबें भर रही है सरकार? अखिलेश के खुलासे के बाद लखनऊ से दिल्ली तक मची खलबली!

एक्सप्रेसवे नहीं, अपनी जेबें भर रही है सरकार? अखिलेश के खुलासे के बाद लखनऊ से दिल्ली तक मची खलबली!

उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सूबे की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक सूची साझा करते हुए सपा मुखिया ने दावा किया कि यूपीडा (UPEIDA) लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण से जुड़े ठेके खुली प्रतिस्पर्धा के बजाय चुनिंदा कंपनियों के बीच सांठगांठ करके बांटे जा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह सिर्फ जनता की आंखों में धूल झोंकने के लिए 'टेंडर' का ढोंग है, जबकि असलियत में पूरा खेल मेज के 'अंडर' चल रहा है।

अखिलेश ने आरोप लगाया कि एक्सप्रेसवे टेंडरों की बंदरबांट एक फिक्स नूरा कुश्ती की तरह चल रही है, जहां सरकार और खास कंपनियां मिलीभगत से काम कर रही हैं। बोली लगाने का तरीका ऐसा तय किया गया है कि कहीं एक कंपनी कम रेट डालती है तो कहीं दूसरी, लेकिन अंततः ठेका इन्हीं तय चेहरों को मिलता है। सपा प्रमुख के मुताबिक बाहर से यह मुकाबला दिखता है, मगर अंदरखाने सब मिलकर मलाई काट रहे हैं और सरकार आंख-मुंह बंद किए मूकदर्शक की भूमिका निभा रही है। एक अन्य एआई वीडियो साझा करते हुए उन्होंने तीखा हमला बोला कि भाजपा विकास के नाम पर एक्सप्रेसवे नहीं, बल्कि अपनी जेब भरने का काम कर रही है और हर निर्माण कार्य का एकमात्र मकसद भ्रष्टाचार है।

एक्सप्रेसवे विवाद से पहले अखिलेश यादव ने अयोध्या में दीपोत्सव के बाद सामने आए एक वीडियो को लेकर भी योगी सरकार को घेरा था। सरयू नदी के घाटों पर जले हुए दीयों से बचा हुआ तेल बटोर रहे गरीब लोगों पर कथित लाठीचार्ज के वीडियो पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि गरीबों को अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए भी उत्पीड़न झेलना पड़ रहा है। उन्होंने वादा किया कि आगामी महीनों में 'पीडीए सरकार' बनने पर राशन के साथ सरसों का तेल भी उपलब्ध कराया जाएगा ताकि किसी वंचित को अपमान का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने दीपोत्सव में महिलाओं के साथ हुए दुर्व्यवहार का हवाला देते हुए महिला आयोग से आयोजकों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई।