पंजाब में खौफ का वो मंजर! पुलिस वालों को अपनी ही वर्दी पहनने से क्यों लग रहा है डर?

पंजाब में खौफ का वो मंजर! पुलिस वालों को अपनी ही वर्दी पहनने से क्यों लग रहा है डर?

पंजाब में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में कानून का राज पूरी तरह चरमरा चुका है और हालात बेहद भयानक दौर में पहुंच गए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के पास खुद गृह विभाग की जिम्मेदारी है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सूबे की आंतरिक सुरक्षा और नागरिकों की कोई फिक्र नहीं रह गई है।

भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए तरुण चुघ ने सनसनीखेज दावे किए कि पंजाब के 23 पुलिस थानों पर ग्रेनेड से हमले किए जा चुके हैं और पुलिस के मुख्य मुख्यालय तक पर रॉकेट लॉन्चर दागे गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज में पुलिस की वर्दी और थाना ही आम अवाम की सुरक्षा व शांति का सबसे बड़ा भरोसा होते हैं, लेकिन आज हालात यह हैं कि सूबे के पुलिस थाने खुद खौफ के साए में जी रहे हैं। थानों के चारों तरफ टिन और लोहे की जालियों की ऊंची दीवारें इसलिए खड़ी की जा रही हैं ताकि कोई बाहर से ग्रेनेड न फेंक सके। इतना ही नहीं, पुलिसकर्मियों को लिखित आदेश जारी कर वर्दी पहनकर घर न जाने की हिदायत दी जा रही है, जो सरकारी तंत्र की लाचारी को दर्शाता है।

वरिष्ठ भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि अपराधियों और गैंगस्टर सिंडिकेट के हौसले इतने बुलंद हैं कि पुलिस अधिकारियों को निशाना बनाना, ग्रेनेड फेंकना और फिर उसके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना एक चलन बन चुका है। चुघ ने दावा किया कि भगवंत मान सरकार संगठित माफिया के सामने पूरी तरह सरेंडर कर चुकी है और मौजूदा समय में पंजाब पर नशा तस्करों का शिकंजा कसता जा रहा है। गली-मोहल्लों और गांवों तक खुलेआम बिक रहे नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने में मौजूदा शासन-प्रशासन पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है।