ग्राम रोजगार सहायक प्रत्येक गांव में दिव्यांगजनों का सर्वे कर पात्र लाभार्थियों की सूची नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड करें
केशव प्रसाद मौर्य ने प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास एवं आयुक्त ग्राम्य विकास को निर्देश दिए हैं कि ग्राम सभाओं की बैठकों में ग्राम विकास अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। ग्राम सभाओं में दिव्यांगजनों एवं अन्य पात्र लाभार्थियों से संबंधित समस्याओं और आवश्यकताओं पर चर्चा की जाए तथा प्राप्त सूचनाओं को ब्लॉक, जिला एवं शासन स्तर तक नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए, जिससे योजनाओं की प्रभावी निगरानी और क्रियान्वयन हो सके। उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आवश्यकता के अनुसार विशेष अभियान चलाकर जी राम जी सहित ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए। जिन पात्र व्यक्तियों के जॉब कार्ड नहीं बने हैं अथवा जो किसी अन्य योजना के लाभ से वंचित हैं, उनकी अलग से सूची तैयार कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।
श्री मौर्य ने भुगतान संबंधी कार्यवाहियों में विशेष सतर्कता बरतने, किसी भी प्रकार की लापरवाही न करने तथा प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। दिव्यांगजनों सहित प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मान, संवेदनशीलता और सुगमता के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।